Page Loader
संसद सत्र की बहस के दौरान सांसद ने अपनी गर्लफ्रेंड को किया प्रपोज, देखें वायरल वीडियो

संसद सत्र की बहस के दौरान सांसद ने अपनी गर्लफ्रेंड को किया प्रपोज, देखें वायरल वीडियो

लेखन अंजली
Dec 02, 2019
09:09 pm

क्या है खबर?

आजकल कई युवक अपनी प्रेमिका को प्रपोज करने के लिए नई-नई तरकीबें और जगहों का चुनाव करते हैं, जिससे कि वे अपने इस पल को यादगार बना सकें। मगर आपने कभी किसी सांसद को संसद के अंदर अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज करते देखा है? शायद नहीं देखा होगा! लेकिन इटली में कुछ ऐसा ही कुछ देखने को मिला। दरअसल, संसद सत्र के दौरान बहस चल रही थी, तभी एक सांसद ने अपनी प्रेमिका को शादी के लिए प्रपोज कर दिया।

मामला

अनोखे प्रपोजल के बाद गर्लफ्रेंड ने दिया जवाब

गलफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज करने के अनोखे तरीके आए दिन सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं, लेकिन यह प्रपोजल बेहद ही अनोखा था। यह मामला बीते गुरुवार का है, जब सांसद फ्लेवियो डी मुरो ने संसद की बहस के बीच अपनी प्रेमिका एलिसा डी लिओ को प्रपोज कर दिया। एलिसा ने उनके प्रपोजल को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद सांसद फ्लेवियो के साथी सदस्यों ने उन्हें बधाई दी।

बयान

इस कारनामे से खुश नहीं दिखे सदन के स्पीकर

हालांकि, सदन के स्पीकर रॉबर्टो फिको ने बहस के दौरान सांसद फ्लेवियो के ऐसा करने को अनुचित करार दिया है। उन्होंने कहा, "मैं आपके इस कारनामे से प्रभावित जरूर हूं, लेकिन सदन की कार्यवाही के बीच आपका इस तरह हस्तक्षेप करना सराहनीय नहीं है।" दरअसल, जिस वक्त सांसद फ्लेवियो ने अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज किया, उस समय सदन में भूकंप के बाद पुनर्निर्माण पर बहस चल रही थी, जो बेहद ही महत्वपूर्ण थी।

ट्विटर पोस्ट

अपनी गलफ्रेंड को प्रपोज करते हुए सांसद फ्लेवियो

व्यक्तिगत जीवन

छह वर्षों से रिलेशनशिप में हैं फ्लेवियो और एलिसा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लेवियो और एलिसा पिछले छह साल से इटली के वेंटीमिग्लिया में एक साथ रह रहे हैं। दोनों ही व्यक्तिगत और राजनीतिक जीवन में काफी करीबी हैं। 33 वर्षीय सांसद फ्लेवियो डी मुरो ने पिछले साल मार्च में निचले सदन का चुनाव जीता था, जिसके बाद वह लीग पार्टी के सदस्य बने थे। बता दें कि इस चुनाव के दौरान एलिसा ने फ्लेवियो का बहुत साथ दिया था।