Loading...
कैंसर पीड़ित 18 साल की युवती की आखिरी इच्छा पूरी, अस्पताल को बनाया गया क्लास रूम 
महिला की आखरी ख्वाहिश के लिए अस्पताल बना क्लास

कैंसर पीड़ित 18 साल की युवती की आखिरी इच्छा पूरी, अस्पताल को बनाया गया क्लास रूम 

लेखन सयाली
Nov 21, 2026
10:41 am

क्या है खबर?

चीन से एक भावुक करने वाली खबर सामने आ रही है, जिसे सुनकर लोगों की आखें नम हो रही हैं। यहां कैंसर से जूझ रही एक युवती की आखिरी ख्वाहिश पूरी करने के लिए उनके स्कूल के सहपाठियों ने अस्पताल के कमरे को ही क्लास रूम में बदल दिया। युवती अपनी मौत से पहले अपने सहपाठियों के साथ एक आखिरी बार स्कूल के दिनों की तरह पढ़ाई करना चाहती थीं। उनके शिक्षकों और सहपाठियों ने मिलकर उनकी इच्छा पूरी की।

मामला

5 साल पहले चला था ल्यूकेमिया का पता

युवती का नाम याओ यिंगबेई था, जिन्हें लोग प्यार से बेइबेई बुलाते थे। उनकी उम्र 18 साल थी और वह ल्यूकेमिया से पीड़ित थीं।

उनकी खराब सेहत के चलते वह स्कूल नहीं जा पाती थीं और इस उम्र में भी 9वीं कक्षा में थीं। बेईबेई को ल्यूकेमिया के इलाज के लिए स्कूल से छुट्टियां लेनी पड़ती थीं।

ऐसे में वह चाहती थीं कि दुनिया से विदा लेने से पहले वह अपने दोस्तों के साथ स्कूल के दिनों को जी सकें।

स्कूल

अस्पताल का कमरा बना स्कूल

इलाज के दौरान बेइबेई के सहपाठी और शिक्षक बारी-बारी से उनसे मिलने आते रहते थे। अपने आखिरी हफ्ते में उन्होंने अपनी शिक्षिका को अपनी अंतिम इच्छा बताई।

इसके बाद शिक्षकों ने मिलकर अस्पताल के कमरे को गुब्बारों और टेडी बियर से सजाकर क्लास रूम में बदला दिया। अंग्रेजी की शिक्षिका ने पुरातत्व के बारे में लिखा एक लेख पढ़ाया और सभी सहपाठियों ने साथ मिलकर ऐसे पढ़ाई की, मानो वे स्कूल में ही हों।

ADVERTISEMENT

मृत्यु

2 दिनों बाद ही ली अंतिम सांस

लगातार नाक से खून बहने, हड्डियों में दर्द और तेज बुखार के बावजूद, बेईबेई अपने सहपाठियों के साथ मिलकर शिक्षक के पीछे-पीछे पाठ दोहराती रहीं।

इसके महज 2 दिनों बाद, 7 नवंबर को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके एक शिक्षक ने उनका वीडियो साझा करते हुए उन्हें याद किया और कहा, 'मुझे उम्मीद है कि आपका आशावाद और जिज्ञासा कई और युवाओं को प्रेरित करते रहेंगे।'

बेईबेई की आखिरी क्लास ने लोगों के दिलों को छू लिया है।

ADVERTISEMENT

प्रेरणा

खबर से गमगीन हुईं लोगों की आखें

बेईबेई की ज्ञान पाने की ललक और पढ़ने की इच्छा इतनी ज्यादा थी कि वह अपने अंतिम समय में भी अपनी तकलीफ भुलाकर पढ़ाई में खुशी ढूंढ सकी थीं।

एक उपयोगकर्ता ने वीडियो देख कर लिखा, "स्वस्थ लोगों को पढ़ाई करना बोरिंग लग सकता है, लेकिन बेईबेई जैसे मरीजों के लिए यह एक लक्जरी जैसी बात है।"

उनके इस कदम ने न केवल लोगों को भावुक कर दिया है, बल्कि प्रेरणा भी दी है।

ADVERTISEMENT