मार्टिन लूथर किंग के 'आई हैव अ ड्रीम' भाषण के हाथ से लिखे ड्राफ्ट की नीलामी
क्या है खबर?
मार्टिन लूथर किंग जूनियर एक अमेरिकी नागरिक अधिकार कार्यकर्ता और बैपटिस्ट पादरी थे, जो 1955 से लेकर 1968 में अपनी हत्या तक नागरिक अधिकार आंदोलन के एक प्रमुख नेता रहे। अब उनके 'आई हैव अ ड्रीम' वाले सबसे प्रसिद्ध भाषण का एकलौता ड्राफ्ट नीलाम होने वाला है, जिसे उन्होंने अपने हाथों से लिखा था। जनवरी में नीलाम किए जाने से पहले, इसे सोमवार को अटलांटा, जॉर्जिया में प्रदर्शित किया जाएगा।
भाषण
7 पन्नों का है यह ऐतिहासिक ड्राफ्ट
28 अगस्त, 1963 को 'लिंकन मेमोरियल' की सीढ़ियों से किंग ने यह भाषण दिया था, जिसने गुलामी और भेदभाव की शर्मनाक विरासत पर आवाज उठाई थी और अमेरिका के अश्वेत नागरिकों के लिए भविष्य में समानता की उम्मीद जगाई थी।
7 पन्ने के इस ड्राफ्ट को पीले रंग के कागजों पर किंग ने भाषण देने से 12 घंटे पहले अपने होटल के कमरे में लिखा था। इस पर नीली स्याही से इतिहास के एक अहम पल के बोल दर्ज हैं।
प्रदर्शन
कहां मिला यह ड्राफ्ट?
किंग ने इस भाषण को लिखते वक्त कई पंक्तियां काटी भी थीं, जो दर्शाता है कि उन्होंने इसे लिखते वक्त गहन सोच-विचार किया होगा। अटलांटा संग्रहालय की 'मार्च ऑन वॉशिंगटन' को समर्पित गैलरी में सातों पन्नों को 2 केसों में प्रदर्शित किया गया है।
इसकी नीलामी का आयोजन 'क्रिस्टीज' नीलामीघर द्वारा करवाया जा रहा है। भाषण लेखक एडवर्ड क्लेटन उन सलाहकारों में से एक थे, जिन्होंने किंग की भाषण लिखने में मदद की थी।
ड्राफ्ट
कब और कहां होगी नीलामी?
इसकी नीलामी 22 जनवरी, 2027 को न्यूयॉर्क में होगी। इसे अटलांटा के अलावा शिकागो और न्यूयॉर्क में भी प्रदर्शित किया जाएगा।
एडवर्ड की पत्नी जर्नोना क्लेटन को 1990 के दशक के आखिर में भाषण का ड्राफ्ट उनके डेस्क की दराज में मिला, जो 'स्पीच' नाम के लिफाफे में रखा था।
उन्होंने उसे आम समझकर वापस दराज में रख दिया और 2 साल पहले फिर से निकाला, जब उन्हें पता चला कि यह भाषण का एकलौता हाथ से लिखा ड्राफ्ट है।
क्रिस्टीज
दान के काम आएगी नीलामी से मिली रकम
क्रिस्टीज को उम्मीद है कि यह ड्राफ्ट 93 करोड़ रुपये से ज्यादा में बिकेगा। इसकी रकम अटलांटा स्थित 'जर्नोना क्लेटन फाउंडेशन' और 'किंग सेंटर' की मदद के लिए इस्तेमाल की जाएगी।
किंग के 2 जीवित बच्चों, रेवरेंड बर्नीस किंग और मार्टिन लूथर किंग तृतीय ने कहा कि वे इस बात के लिए आभारी हैं कि इस बिक्री से उस आंदोलन की विरासत को समर्थन मिलेगा, जिसे खड़ा करने में उनके पिता ने मदद की थी।
जानकारी
कब तक प्रदर्शित होगा यह ड्राफ्ट?
यह ड्राफ्ट सोमवार से रविवार तक अटलांटा के 'नेशनल सेंटर फॉर सिविल एंड ह्यूमन राइट्स' में पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके बाद 15 से 21 जनवरी, 2027 तक यह न्यूयॉर्क में प्रदर्शित होगा।