LOADING...
अब किराए पर मिलेगा इस अरबपति बिजनसमैन का आलीशान आइलैंड, जानिए एक दिन का किराया 
लोग किराए पर ले सकते हैं अरबपति का ये आलीशान आइलैंड

अब किराए पर मिलेगा इस अरबपति बिजनसमैन का आलीशान आइलैंड, जानिए एक दिन का किराया 

लेखन सयाली
Apr 11, 2024
03:27 pm

क्या है खबर?

आलीशान आइलैंड पर भीड़भाड़ से दूर छुट्टियां बिताना बड़ा सुकून भरा होता है। ऐसे में अब आप आरामदायक छुट्टी बिताने के लिए एक पूरा आइलैंड किराए पर ले सकते हैं। दरअसल, वर्जिन ग्रुप के अरबपति रिचर्ड ब्रैनसन ने 1979 में ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स का एक हिस्सा 1 करोड़ रुपये में खरीदा था। 'नेकर आइलैंड' के नाम से मशहूर यह टापू अब लोगों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसका एक दिन का किराया 98.35 लाख रुपये है।

रिसॉर्ट

ऐसा है इस आलिशान आइलैंड का भव्य रिसॉर्ट

इतिहास में पहली बार 74 एकड़ के इस आइलैंड को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। इसके 'ग्रेट हाउस' में अधिकतम 47 लोग आराम से रह सकते हैं। इस रिसॉर्ट जैसी आलीशान हवेली में 17 बेडरूम और 24 बाथरूम मौजूद हैं। इनमें से कई समुद्र तट की थीम पर बने हैं, जिनकी बालकनियों से रेतीले समुद्र तटों के मनमोहक दृश्य दिखते हैं। इसके मास्टर सुइट की विशाल छत पर एक निजी जकूजी भी है।

सुविधायें 

छुट्टियों के दौरान मेहमानों को मिलेंगी ये सुविधाएं

नेकर आइलैंड प्रकृति के साथ जुड़कर एक शानदार छुट्टी बिताने का मौका प्रदान करता है। यहां खुली हवा में एक मजेदार गेम रूम बनाया गया है, जिसमें शतरंज और बिलियर्ड्स जैसे खेल खेले जा सकते हैं। सेहत के प्रति जागरुक लोग एक्सरसाइज करने के लिए निजी जिम का उपयोग कर सकते हैं। साथ ही लोग यहां सूर्यास्त योग और पिलेट्स की कक्षाओं में भी भाग ले सकते हैं। इसके अलावा इस आइलैंड में स्पा भी मौजूद हैं।

Advertisement

गतिविधियां

मेहमान यहां उठा सकते हैं इन मजेदार गतिविधियों का लुत्फ 

इस आलीशान आइलैंड की संपत्ति में 2 टेनिस कोर्ट और समुद्र के दृश्य वाला एक बड़ा इन्फिनिटी पूल भी शामिल है। यह पूल आराम करने के क्षेत्रों और बार से घिरा हुआ है। वनफाइनस्टे की वेबसाइट के अनुसार, मेहमान रोजाना बदलते मेनू के साथ सुशी जैसे कई अलग-अलग तरह के व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं। यह शानदार संपत्ति कैरेबियन समुद्र से घिरी हुई है, जिसमें मेहमान स्नॉर्कलिंग, नौकायन और गोताखोरी भी कर सकते हैं।

Advertisement

अधिक जानकारी 

आराम सुनिश्चित करने के लिए मौजूद रहेंगे कई कर्मचारी 

इस छुट्टी के दौरान मेहमानों को दरबान, निजी शेफ, हाउसकीपर, बारटेंडर और नाव कप्तान भी मिलेंगे। नेकर आइलैंड के मालिक रिचर्ड ने बताया की उन्होंने यह द्वीप अपनी पत्नी जोन टेम्पलमैन को खुश करने के लिए खरीदा था। रिचर्ड ने पिछले कुछ सालों में अपनी इस आलीशान संपत्ति पर कई खास मेहमानों का स्वागत किया है। इनमें राजकुमारी डायना और उनके बेटे प्रिंस हैरी और प्रिंस विलियम के साथ-साथ बराक ओबामा, मिशेल ओबामा और हैरी स्टाइल्स भी शामिल थे।

Advertisement