दीवार पर टेप से चिपके केले वाली पेंटिंग हुई चोरी, 59 करोड़ से ज्यादा है कीमत
क्या है खबर?
एक दर्जन केले आराम से 30 से 60 रुपये के दाम पर मिल जाते हैं। हालांकि, क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि किसी केले की कीमत 59 करोड़ रुपये भी हो सकती है? यह कोई ऐसा-वैसा केला नहीं, बल्कि दुनियाभर में मशहूर पेंटिंग है। हम बात कर रहे हैं 'कॉमेडियन' की, जिसे इटली के कलाकार मौरिजियो कैटेलन ने बनाया था। यह दीवार पर टेप से चिपका हुआ केला है, जो अब चोरी हो गया है।
चोरी
कब हुई इस दुर्लभ केले की चोरी?
दुनियाभर में उस वक्त सनसनी मच गई, जब इस सप्ताहांत फ्रांस के सेंटर पोम्पिडौ-मेट्ज संग्रहालय से यह दुर्लभ केला चोरी हो गया। इसे पिछले एक साल से यहां प्रदर्शित किया जा रहा था। इस संग्रहालय के एक गार्ड ने शनिवार को गौर किया कि ग्रे रंग के टेप से दीवार पर चिपका हुआ केला गायब हो गया है। इसके बाद सभी कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस से संपर्क करके केस दर्ज करवाया गया।
अगला कदम
आपको हैरान कर देगा संग्रहालय का अगला कदम
अगर इस केले की जगह कोई हेरा या जेवर होते तो शायद संग्रहालय के कर्मचारी काफी परेशानी का सामना करते। हालांकि, चोरी के बाद संग्रहालय ने जो कदम उठाया, वो आपको हैरत में डाल देगा। यह कला महज एक साधारण से केले से बनी थी, जिसके चलते इसे तुरंत एक नए केले से बदल दिया गया। जी हां, चोरी होने वाले केले की जगह एक नया ताजा केला डक्ट टेप की मदद से उसी दीवार पर चिपका दिया गया।
बदलना
पहले भी कई बार बदला गया है केला
पोम्पिडौ-मेट्ज के प्रतिनिधियों ने इस चोरी के बारे में एक बयान में कहा, "कोई अपरिवर्तनीय क्षति नहीं देखी गई है।" आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है, जब यह केला बदला गया हो। दिसंबर 2019 में फ्लोरिडा के मियामी में आर्ट बेसल में पहली बार नजर आने के बाद से इसे कई बार बदला जा चुका है। इस चोरी से ठीक एक साल पहले पोम्पिडू-मेट्ज में एक आगंतुक ने दीवार से केले को निकालकर खा लिया था।
इतिहास
कितनों ने खाया है यह पेंटिंग वाला केला?
नवंबर 2024 में भी पेंटिंग वाले केले को क्रिप्टो उद्यमी जस्टिन सन ने खा लिया था। उन्होंने पहले इसे 58.97 करोड़ रुपये में खरीदा था, फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसे खा लिया था। इतना ही नहीं, मई 2023 में भी दक्षिण कोरिया के एक छात्र ने इसे खा लिया था। उनका कहना था कि उन्होंने सुबह नाश्ता नहीं किया था और केला देखकर उन्हें भूख लग गई थी। मूल कलाकृति को 2019 में कलाकार डेविड दतुना ने खाया था।