LOADING...
अमेरिकी हवाई अड्डे पर कुत्ते ने यात्री के बैग से पकड़ा गैरकानूनी सामान, जानिए क्या-क्या मिला
कुत्ते को यात्री के बैग से मिले खून से सने मेंढक (तस्वीर: एक्स/@CBP)

अमेरिकी हवाई अड्डे पर कुत्ते ने यात्री के बैग से पकड़ा गैरकानूनी सामान, जानिए क्या-क्या मिला

लेखन सयाली
Jul 26, 2025
05:42 pm

क्या है खबर?

कुत्ते सबसे समझदार पालतू जानवरों में से एक होते हैं, जिन्हें सुरक्षा सेवाओं का हिस्सा बनाया जाता है। उनकी सूंघने की क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत होती है, जिसकी मदद से वे जांच आदी में मदद करते हैं। अब अमेरिका के हवाई अड्डे पर एक नन्हें-से कुत्ते ने बेहद लाजवाब काम कर दिखाया है। दरअसल, इस कुत्ते को दक्षिण कोरिया के एक यात्री के बैग से खून से सने मेंढक और कच्चे समुद्री खीरे मिले हैं।

मामला

सूंघकर यात्री के बैग से ढूंढ निकाला गैरकानूनी सामान

इस प्रशिक्षित कुत्ते को सोशल मीडिया पर लोगों का ढेर सारा प्यार मिल रहा है और वे इसकी खूब सराहना कर रहे हैं। अमेरिकी कस्टम एवं सीमा सुरक्षा (CBP) ने एक्स पर लिखा कि K9 के होनहार कुत्ते ने सिएटल-टैकोमा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खून से सने मेंढक और समुद्री खीरे बरामद किए हैं। CBP ने लिखा "CBP के कृषि विशेषज्ञों और @flySEA के K9 बकी ने दक्षिण कोरिया से आए एक यात्री के पास से असामान्य सामान बरामद किया।"

तस्वीरें

CBP ने साझा की थीं तस्वीरें

सुरक्षा संस्था ने इंटरनेट पर यात्री के पास से बरामद की गई वस्तुओं की तस्वीरें साझा की हैं। पहली तस्वीर में खून से सने मेंढक एक पारदर्शी बैग में रखे हुए नजर आते हैं। हालांकि, दूसरी तस्वीर ने लोगों का दिल जीतने का काम किया है। इसमें नन्हां बकी सामान के साथ बैठा हुआ दिखाई दे रहा है, जिसे सोशल मीडिया पर लोग एक नायक के रूप में सराह रहे हैं। बता दें कि बकी बीगल नस्ल का कुत्ता है।

प्रतिक्रिया

सोशल मीडिया पर लोग दे रहे मिली-जुली प्रतिक्रियाएं 

केवल अमेरिका ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के लोग सोशल मीडिया पर बकी की तारीफ कर रहे हैं। वे सवाल भी उठा रहे हैं कि आखिर यह व्यक्ति इतना विचित्र सामान लेकर यात्रा क्यों कर रहा था। एक व्यक्ति ने सवाल किया, "सोच रहा हूं कि क्या इनका इस्तेमाल दवाइयों, खाने या बैक्टीरिया/जैव-हथियारों के परिवहन के लिए किया जाता होगा?" वहीं, एक उपयोगकर्ता ने कहा, "इस कुत्ते को ट्रीट्स दें और देश की ओर से शुक्रिया कहें।"

K9

जानिए K9 के कुत्तों की विशेषताएं 

एक सरकारी वेबसाइट के अनुसार, CBP के लिए भर्ती किए गए कुत्ते एक कैनाइन कार्यक्रम से गुजरते हैं, जिसका मुख्यालय टेक्सास में है। CBP कैनाइन कार्यक्रम का प्राथमिक लक्ष्य आतंकवादियों का पता लगाना और उन्हें पकड़ना है। कुत्तों को छिपे हुए इंसानों और नियंत्रित पदार्थों की गंध का पता लगाना भी सिखाया जाता है। उन्हें खोज और बचाव, ट्रैकिंग और बंदूकें ढूंढना समेत अन्य विशेषज्ञताओं के लिए भी प्रशिक्षित किया जाता है।