दिमाग की सर्जरी का अजीबो-गरीब असर, व्यक्ति को इंसानी चेहरे में दिखने लगी बिल्ली की आंखें
क्या है खबर?
दिमाग की सर्जरी जोखिम भरी होती है, जिसका असर बाद में भी सेहत पर पड़ता है। हालांकि, अमेरिका के एक व्यक्ति पर इसका इतना गंभीर असर पड़ा कि वह एक अजीबो-गरीब बीमारी का शिकार हो गए। 28 साल के कार्ल को विचित्र बीमारी हुई है, जिसके बाद से उन्हें इंसानों के चेहरों में अपनी पालतू बिल्ली की आखें नजर आने लगी हैं। उन्हें इंसानों के चेहरे पर बिल्ली जैसी पुतलियां, आंखों के आसपास का आकार और धारियां दिखाई देती हैं।
मामला
कार्ल को हुई यह दुर्लभ बीमारी
कार्ल की बिल्ली का नाम लूना है, जिसके चेहरे की विशेषताएं उन्हें लोगों में दिखती हैं। कई बार जब वह सुबह सबसे पहले किसी इंसान को देख लेते हैं तो पूरे दिन उन्हें लूना के चेहरे में उस व्यक्ति की शक्ल नजर आती है।
कार्ल 'डेमन फेस सिंड्रोम' नाम की दुर्लभ बीमारी का शिकार हैं, जो उन्हें 2 साल पहले रक्त वाहिकाओं के उलझे हुए गुच्छे को दिमाग से हटाने के लिए करवाए गए ऑपरेशन के बाद लग गई है।
बीमारी
बीमारी में बदल जाता है चेहरों को देखना का नजरिया
इस विचित्र मामले को 'कोर्टेक्स' नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया है, जिसे अमेरिका के डार्टमाउथ कॉलेज और ब्रिघम एंड विमेंस हॉस्पिटल के शोधकर्ताओं ने रिपोर्ट किया है।
इस बीमारी का चिकित्सीय नाम 'प्रोसोपोमेटामॉर्फोप्सिया' है। इसकी वजह से कार्ल सुबह सबसे पहले जिसका भी चेहरा देख लेते हैं, उन्हें पूरे दिन वही चेहरा हर किसी में दिखाई देता है।
इसमें कुछ लोगों को इंसानों के चेहरे डरावने भी नजर आ सकते हैं।
स्थिति
कैसे होती है यह बीमारी?
इस बीमारी के दौरान व्यक्ति किसी चीज को देखने के बाद भी उसकी छवि बार-बार देखता रहता है, जबकि वह चीज उसके सामने मौजूद नहीं होती।
इसकी वजह से दिमाग में आंखों से मिलने वाली जानकारी को प्रोसेस करने की प्रक्रिया में गड़बड़ी हो जाती है। इसके अलावा माइग्रेन, दौरे, मिर्गी, स्ट्रोक, कुछ दवाइयों के इस्तेमाल और दिमाग में खून बहना जैसी स्थितियों के कारण भी ऐसा हो सकता है।
AI
AI ने की कार्ल की मदद
कार्ल को चेहरे कैसे दिखाई देते हैं, इसे समझने के लिए शोधकर्ताओं ने एक स्केच बनाया और उसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से वास्तविक तस्वीर में बदल दिया।
उन्होंने यह तस्वीर कार्ल को दिखाई और दोनों ने मिलकर उसमें कुछ बदलाव किए। इस तरह स्टडी में शामिल तस्वीरें तैयार हो सकीं।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, AI की मदद से उन लोगों के अनुभवों को सटीक तस्वीरों में देखा जा सकता है, जिन्हें चीजें असल से अलग दिखाई देती हैं।