LOADING...
पनामा: पुरातत्वविदों ने खोज निकाली सोने से भरी प्राचीन कब्र, मिले बलि-पीड़ितों के अवशेष 
पनामा में पुरातत्वविदों ने खोज निकाली सोने और कंकालों से भरी प्राचीन कब्र

पनामा: पुरातत्वविदों ने खोज निकाली सोने से भरी प्राचीन कब्र, मिले बलि-पीड़ितों के अवशेष 

लेखन सयाली
Mar 07, 2024
01:21 pm

क्या है खबर?

पौराणिक इतिहास से जुडी चीजों को खोजने और उनके विषय में जानने के लिए दुनिया भर में निरंतर प्रयास किए जाते आए हैं। इनसे प्राचीन समय की जीवनशैली और रहन-सहन का पता लगता है। इसी क्रम में सेंट्रल अमेरिका स्थित पनामा के पुरातत्वविदों ने हाल ही में सोने के खजाने से भरी 1,200 साल पुरानी कब्र का पता लगाया है। इस कब्र में मानव बलि के शिकार हुए लोगों के अवशेष भी पाए गए हैं। आइए पूरी खबर जानते हैं।

प्रेस रिलीज

750 और 800 ईस्वी के बीच बनवाई गई थी कब्र 

पनामा के संस्कृति मंत्रालय (MiCultura) ने 1 मार्च को इस कब्र की खोज के विषय में स्पेनिश भाषा में लिखित एक प्रेस रिलीज प्रकाशित की। यह मकबरा पनामा के कोकले प्रांत में पाया गया था। इसे 750 और 800 ईस्वी के बीच एक भगवान को समर्पित किया गया था। शोधकर्ताओं को यह ऐतिहासिक कब्र 'एल कानो पुरातत्व पार्क' में मिली। मिलने के बाद से ही यह मकबरा सुर्खियों का विषय बना हुआ है।

सामान 

कब्र में मिली मानव आकार की बालियों समेत कई विचित्र सोने की वस्तुएं 

यह कब्र कई तरह की सोने की वस्तुओं से भरी थी। इसमें सोने की प्लेटों का एक सेट और सोने के मोतियों से बनी 2 बेल्ट शामिल थीं। मकबरे में मगरमच्छ के आकार और व्हेल के दांतों से बनी सोने से जड़ी हुई बालियां भी मिलीं। इसके अलावा यहां चार कंगन, दो घंटियां और हड्डी की बांसुरी भी पाई गईं। पुरातत्वविदों ने मानव पुरुष और महिला के आकार की बालियां, कुत्ते के दांतों से बनी स्कर्ट और कंगन भी ढूंढे।

कंकाल

कब्र में पाए गए कई लोगों के कंकाल 

विशेषज्ञों का मानना ​​है कि यह कब्र एक ऐसे मुखिया को समर्पित थी, जिसकी मौत 30 वर्ष की आयु में हो गई थी। प्रेस रिलीज में इस पुरातात्विक परियोजना का नेतृत्व कर रहीं डॉ जूलिया मेयो ने कहा कि कब्र कई लोगों के कंकालों से भी भरी हुई थी। प्राचीन पनामेनियन समाज में उच्च दर्जे के लोगों को 8-32 लोगों के साथ दफनाया जाता था। यह माना जाता था कि ये सभी साथी मृतक को पुनर्जन्म में मदद करेंगे।

खुदाई

अब तक जारी है इस प्राचीन कब्र की खुदाई 

प्रेस रिलीज में लिखा गया कि, 'अभी मकबरे की खुदाई पूरी नहीं हुई है, इसलिए यह निर्धारित नहीं किया जा सकता है कि मुखिया के साथ कितने लोगों को दफनाया गया था।' पुरातत्वविदों ने पाया कि मुखिया को मुंह के बल दफनाया गया था। MiCultura का कहना है कि यह खोज बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एक बहुत ही विशेष प्रकार के पौराणिक दफनाने के तरीके को दर्शाती है, जिसमें कई लोगों को एक साथ दफन करना शामिल है।