
ऐपल का पहला कंप्यूटर 3.22 करोड़ रुपये में हुआ नीलाम, आज भी करता है काम
क्या है खबर?
ऐपल दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी है, जो अपने कंप्यूटर, मोबाइल और अन्य डिजिटल उत्पादों के लिए मशहूर है। इस कंपनी के पुराने उपकरणों को आज भी लोग संग्रहित करना पसंद करते हैं, जिसके लिए वे करोड़ों खर्च कर देते हैं।
इसी कड़ी में ऐपल का पहला कंप्यूटर नीलाम हुआ है, जिसका नाम 'बेविल' ऐपल-1 है। जानकारी के मुताबिक, इसे स्टीव जॉब्स और स्टीव वोजनियाक ने मिलकर बनाया था।
आइए इसकी नीलामी के विषय में विस्तार से जानते हैं।
नीलामी
इस नीलामी में बिकीं 200 से अधिक वस्तुएं
इस तकनीकी उत्पादों वाली नीलामी का आयोजन RR ऑक्शन्स नामक नीलामीघर द्वारा करवाया गया था।
इसे 'स्टीव जॉब्स और ऐपल की क्रांति' नाम दिया गया था और इसके दौरान इस कंपनी के 200 से अधिक पुराने उत्पाद नीलाम किए गए थे। नीलामी फरवरी के अंत में शुरू हुई थी और 20 मार्च को खत्म हुई।
इसका मुख्य आकर्षण ऐपल-1 कंप्यूटर ही था, जिसकी कीमत 3.22 करोड़ रुपये से अधिक लगी थी।
कंप्यूटर
इस कंप्यूटर को क्यों माना जा रहा है खास?
इस कंप्यूटर का निर्माण जॉब्स और वोजनियाक ने मिलकर किया था और इसके जरिए ही ऐपल की शुरुआत हुई थी।
इसकी खासियत यह है कि यह कंप्यूटर आज भी अच्छी हालत में है और इसके कुछ ही मॉडल बाजार में उपलब्ध हैं। इसके साथ इसकी मैनुअल भी मौजूद थी।
इसके अलावा, ऐपल के 12वें कर्मचारी डैनियल कोटके का हाथों से लिखा गया पत्र भी इसके साथ उपलब्ध करवाया गया था।
अन्य वस्तुएं
नीलामी के दौरान बिकीं ये अन्य वस्तुएं
नीलामी के दौरान जॉब्स द्वारा हस्ताक्षरित ऐपल का 1976 का एक चेक भी बेचा गया। इस नायाब चेक की बोली 96 लाख रुपये से भी अधिक तक पहुंच गई थी।
इसके अलावा, पहली पीढ़ी के एक 4GB आईफोन ने भी लोगों को आकर्षित किया, जो सीलबंद था। उसकी कीमत 75 लाख रुपये से भी ज्यादा लगाई गई थी।
जॉब्स द्वारा हस्ताक्षरित दूसरा चेक 53 लाख रुपये में बिका और एक ऐपल लिसा कंप्यूटर 48 लाख रुपये में नीलाम हुआ।
प्रोटोटाइप
ऐपल के कई प्रोटोटाइप भी रहे इस नीलामी का हिस्सा
नीलामी का एक और अहम हिस्सा ऐपल के प्रोटोटाइप रहें, जिनमें आईपॉड क्लासिक, आईमैक G3, पावर मैक G4 क्यूब, पावर मैकिन्टोश और मैकिन्टोश टीवी के शुरुआती संस्करण भी शामिल थे।
इस दौरान एप्पल/बैंडाई पिप्पिन EVT प्रोटोटाइप 3.47 लाख रुपये में बेचा गया। जानकारी के मुताबिक, इन प्रोटोटाइप का इस्तेमाल उत्पादन से पहले आंतरिक परीक्षण के लिए किया जाता था।
आपको जानकर हैरानी होगी कि RR ऑक्शन्स ने इस नीलामी के जरिए कुल 11.25 करोड़ की कमाई कर ली है।