Page Loader
यह दुर्लभ सिक्का 4 करोड़ रुपये में हुआ नीलाम, जानिए क्या है खास  
1975 का सिक्का हुआ 4 करोड़ रुपये में नीलाम

यह दुर्लभ सिक्का 4 करोड़ रुपये में हुआ नीलाम, जानिए क्या है खास  

लेखन सयाली
Oct 29, 2024
10:47 am

क्या है खबर?

दुनियाभर में कई नायाब वस्तुओं की नीलामी होती रहती है, जिन्हें खरीदने के लिए लोग करोड़ों रुपये खर्च कर देते हैं। इसी कड़ी में अब अमेरिका का एक बेहद दुर्लभ सिक्का अधिक कीमत पर नीलाम हुआ है। यह सिक्का साल 1975 का बताया जा रहा है, जो 20वीं सदी के सबसे दुर्लभ सिक्कों में से एक है। इस सिक्के की नीलामी में कई लोगों ने हिस्सा लिया था और इसे हासिल करने के लिए बढ़-चढ़कर बोली लगाई।

सिक्का

इस कारण से इस सिक्के को माना जाता है दुर्लभ

यह सिक्का एक अमेरिकी डाइम है, जिसे 1975 में सैन फ्रांसिस्को में अमेरिकी टकसाल द्वारा निर्मित किया गया था। यह 1970 के दशक से एक बैंक की तिजोरी में रखा हुआ था। इस सिक्के पर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलिन रूजवेल्ट की तस्वीर छपी हुई है। इस सिक्के की खास बात यह है कि इसपर एक विशेष 'S' साइन नहीं बना हुआ है, जो हर सिक्के पर होता है। ऐसे केवल 2 सिक्के मौजूद हैं, जो इसे अत्यंत दुर्लभ बनाता है।

नीलामी

ऑनलाइन हुई थी इस सिक्के की नीलामी

इस नायाब सिक्के की नीलामी ग्रेट कलेक्शंस नामक नीलामीघर द्वारा आयोजित करवाई गई थी। इस सिक्के को हासिल करने के लिए कई लोगों ने ऑनलाइन बोली लगाई और इसकी नीलामी रविवार को समाप्त हुई। इस दुर्लभ सिक्के को 4.25 करोड़ रुपये की मोटी रकम पर नीलाम किया गया है। कैलिफोर्निया स्थित ग्रेट कलेक्शंस के अध्यक्ष इयान रसेल ने बताया कि वह इस सिक्के की नीलामी के सफल होने से बेहद खुश हैं।

बहनें

ओहियो के रहने वाले परिवार के स्वामित्व में था यह सिक्का

नीलाम किए जाने से पहले यह दुर्लभ सिक्का ओहियो की 3 बहनों के स्वामित्व में था। वे तीनों अपनी पहचान गुप्त रखना चाहती थीं। यह सिक्का उनके भाई की मृत्यु के बाद उन्हें मिला था। उनके भाई ने इसे 40 साल तक बैंक की तिजोरी में संभाल कर रखा था। बहनों ने बताया कि उन्हें 2 सिक्कों में से एक विरासत में मिला है, लेकिन उनके भाई और मां ने पहला सिक्का 1978 में 15 लाख रुपये में खरीदा था।

सेट

विशेष प्रूफ सेट का हिस्सा थे यह दोनों नायाब सिक्के

इससे पहले बिना 'S' साइन वाला पहला सिक्का साल 2019 में नीलाम हो चुका है, जिसकी कीमत 3.83 करोड़ रुपये लगाई गई थी। ये दोनों सिक्के सामान्य प्रचलन में नहीं थे, क्योंकि ये 1975 में सैन फ्रांसिस्को टकसाल द्वारा बनाए गए 2.8 मिलियन विशेष अनसर्क्युलेटेड प्रूफ सेट का हिस्सा थे। इस सेट में कुल 6 सिक्के थे, जिन्हें उस समय 588 रुपये में बेचा गया था। इस सेट में कई अन्य सिक्के व नोट आदि में शामिल थे।