Page Loader
एक ही इमारत में रहते हैं इस शहर के सभी लोग, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान
एक ही इमारत में रहते हैं इस शहर के सभी लोग

एक ही इमारत में रहते हैं इस शहर के सभी लोग, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान

लेखन सयाली
Dec 27, 2024
11:31 am

क्या है खबर?

आज के समय में किसी भी शहर की तरक्की का अंदाजा इस बात से लगाया जाता है कि उसमें कितनी ऊंची इमारतें स्थित हैं। हालांकि, एक शहर ऐसा भी है, जो एक ही इमारत के अंदर बसा हुआ है। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस शहर के सभी लोग एक ही इमारत में रहते हैं। इस शहर की विचित्र कहानी सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

शहर

अलास्का में बसा हुआ है यह छोटा-सा शहर

यह अनोखा शहर अमेरिका के राज्य अलास्का में बसा हुआ है, जिसका नाम व्हिटियर है। 2023 के आंकड़ों के मुताबिक, इस शहर की कुल जनसंख्या केवल 263 ही है। यह शहर इतना छोटा है कि यहां की पूरी आबादी एक ही इमारत के अंदर निवास करती है। दुनियाभर में इस शहर को 'एक छत के नीचे रहने वाला शहर' के नाम से भी जाना जाता है। सभी निवासियों का घर कहलाई जाने वाली इमारत का नाम 'बेगिच टावर्स कॉन्डोमिनियम' है।

इमारत

इस इमारत में पुलिस स्टेशन से लेकर अस्पताल तक, हर सुविधा है उपलब्ध

बेगिच टावर्स इमारत में कुल 14 मंजिलें हैं और इसमें सभी तरह की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। यहां एक ही छत के नीचे पुलिस स्टेशन, कपड़े धोने वाला कमरा, गिरजाघर, अस्पताल और किराने की दुकान आदि मौजूद हैं। इस शहर के लोगों को कोई भी काम करने के लिए अपने घर यानि इमारत से बाहर नहीं निकलना पड़ता है। इमारत की पहली मंजिल पर लगभग वह सब कुछ है, जो एक शहर को चलाने के लिए जरूरी होता है।

इतिहास

1956 में किया गया था इस अनोखी इमारत का निर्माण

इस इमारत को 1956 में बनाया गया था और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान इस स्थान पर सेना की बैरक थी। यही कारण है कि यहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। कुछ सालों बाद स्थानीय लोग इस इमारत में रहने लगे और यह एक अपार्टमेंट में तब्दील हो गया। इस क्षेत्र का मौसम काफी खराब रहता है और यहां अक्सर बर्फबारी होती रहती है। असुविधा और ठंड से बचने के लिए यहां के लोग इमारत से बाहर नहीं निकलते हैं।

सुविधाएं

इस इमारत में मिल जाती हैं ये सुविधाएं

इस शहर के सभी लोग एक दूसरे को जानते हैं और बेहद प्रेम से मिल-जुलकर रहते हैं। यहां के बच्चों के लिए इमारत के तहखाने में विद्यालय बनाया गया है और एक खेल का मैदान भी तैयार किया गया है। इस शहर के ज्यादातर लोग घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक बंदरगाह में काम करते हैं। इसके अलावा, इमारत के अंदर एक जिम भी मौजूद है और कई कैफे भी खोले गए हैं।