Page Loader
व्यक्ति ने महज 24 घंटे में की 5,000 किलोमीटर रेल यात्रा, बनाया नया विश्व रिकॉर्ड
व्यक्ति ने 24 घंटे में की 5,000 किलोमीटर रेल यात्रा

व्यक्ति ने महज 24 घंटे में की 5,000 किलोमीटर रेल यात्रा, बनाया नया विश्व रिकॉर्ड

लेखन सयाली
Jun 29, 2025
02:38 pm

क्या है खबर?

रेलगाड़ी यात्रा करने का एक सुविधाजनक जरिया है, जो मंजिल तक पहुंचाने में ज्यादा समय नहीं लेती। कई लोगों को रेल से सफर करना पसंद होता है, क्योंकि उसमें खाने से लेकर सोने तक की सुविधा मिलती है। हालांकि, चीन के एक व्यक्ति का रेल यात्रा के प्रति प्रेम देखकर दुनिया दंग रह गई है। दरअसल, इस व्यक्ति ने 24 घंटे के अंदर रेल से 5,000 किलोमीटर की यात्रा की है। ऐसा करके उन्होंने नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है।

मामला

15 फरवरी को हुआ था यह रिकॉर्ड प्रयास

चीन के सिचुआन स्थित डेयांग के रहने वाले वांग डोंग ने 24 घंटे में रेल से सबसे ज्यादा दूरी तय करने का पिछले विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने इस प्रयास के दौरान 5,887.76 किमी यानि 3,658.48 मील की आश्चर्यजनक दूरी तय की। 14 फरवरी को सुबह 7:53 बजे वह यिबिन स्थित ट्रेन स्टेशन पहुंचे थे, जहां से उनकी इस यात्रा की शुरुआत हुई थी। वह रेल यात्रा करते हुए चीन के एक कोने से दूसरे कोने तक गए थे।

प्रयास

2024 में भी किया था रिकॉर्ड बनाने का प्रयास

डोंग ने यात्रा शेनजेन से शुरू की थी और वह झेंग्झौ, बीजिंग, शंघाई और गुइयांग से होते हुए यिबिन पहुंचे थे। इससे पहले 2024 के वसंत महोत्सव के दौरान भी उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की थी। हालांकि, रेलगाड़ी के देर से आने की वजह से वह केवल 3,700 किलोमीटर ही जा सके थे और अपने प्रयास में असफल हुए थे। उस वक्त उन्होंने कहा था, "मैं बहुत निराश हुआ था, लेकिन मुझे पता था मैं दोबारा कोशिश करूंगा।"

पृष्टभूमि

डोंग को क्यों पसंद है रेल यात्रा?

2013 में डोंग ने वसंत महोत्सव की यात्रा की अव्यवस्था से निपटने के लिए एक मार्गदर्शन साझा किया था। इसके बाद वह मशहूर हो गए थे और लोग उन्हें 'ट्रांसफर एम्परर' कहकर पुकारने लगे थे। डोंग ने कहा, "मैं डेयांग में पटरियों के पास ही बड़ा हुआ हूं।" यही कारण है कि उन्हें रेल से इतना लगाव है। उस समय वह शंघाई में PHD के छात्र थे और रेल के माध्यम से घर लौटने के लिए छोटे मार्ग ढूंढते थे।

प्रेरणा

पिछले रिकॉर्ड के बारे में जानकर प्रेरित हुए थे डोंग

अगले 10 सालों में डोंग ने रेलगाड़ी से चीन के सभी प्रांत की यात्रा की। बाओचेंग रेलवे और टी8 रेलगाड़ी उनकी पसंदीदा बन गईं, जिनसे वह हाई स्कूल के दौरान बीजिंग जाते थे। 2019 में हांगकांग के हुआंग वेइजी और हुआंग वेइजी ने 24 घंटे में 4,967.8 किलोमीटर की रेल यात्रा कर रिकॉर्ड कायम किया था। उनकी कहानी ने डोंग का ध्यान खींचा और उन्होंने उनका रिकॉर्ड तोड़ने का निर्णय ले लिया।

रिकॉर्ड

रिकॉर्ड प्रयास के दौरान करनी पड़ी बहुत मेहनत

जब तक डोंग ने योजना बनाना शुरू किया तब तक किसी और ने नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। इसके बाद 2025 में दूसरे प्रयास के दौरान उन्होंने कड़ी मेहनत की। उन्होंने GPS गियर का परीक्षण किया और सहनशक्ति बढ़ाने के लिए 10 किलो वजन कम करने के लिए तैराकी भी की। 14 फरवरी को सुबह 7:54 बजे वह शेनजेन नॉर्थ में रेलगाड़ी में सवार हुए और निरंतर भाग-दौड़ के बाद गिनीज बुक में अपना नाम शुमार करने में कामयाब रहे।