दिल्ली की कंपनी ऑफिस से 40 मिनट से ज्यादा दूर रहने वालों को नहीं देती नौकरी
क्या है खबर?
हर कंपनी में कर्मचारियों को उनके काम, कौशल और डिग्री आदि के आधार पर नौकरी पर रखा जाता है। हालांकि, क्या हो अगर आपकी नौकरी आपको आपके घर और ऑफिस के बीच की दूरी देखने के बाद मिले? क्या हो अगर आप सिर्फ इसलिए इंटरव्यू से रिजेक्ट हो जाएं कि आप दूर रहते हैं? दिल्ली के एक स्टार्टअप के संस्थापक ऑफिस से 40 मिनट से ज्यादा दूरी पर रहने वालों को नौकरी पर रखना पसंद नहीं करते हैं।
मामला
क्या है इस नीति की वजह?
लिंक्डइन पर उस वक्त बहस छिड़ गई, जब 'ग्लुजो AI' के सह-संस्थापक और मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) सैयद नितास ने खुलासा किया कि वह दूरी देखकर कर्मचारियों को रजेक्ट या स्वीकार करते हैं।
उनका मानना है कि काम पर जाने और घर लौटने में एक घंटे से ज्यादा का समय लगना सामान्य नहीं है और इससे कर्मचारियों के पास अपने या अपने परिवार के लिए बहुत कम समय बच पाता है।
इसके चलते ही उनकी कंपनी में यह नीति है।
नितास
यह आपके निजी समय को भी खा जाता है- नितास
नितास ने पोस्ट कर लिखा, 'मैं ऐसे किसी भी व्यक्ति को काम पर रखना पसंद नहीं करता, जो हमारे ऑफिस से 40 मिनट से ज्यादा की दूरी पर रहता हो। काम के अलावा, यह आपके निजी समय को भी खा जाता है। आपको उस समय की जरूरत होती है, ऐसा कुछ भी करने के लिए, जो आपको अंदर से खुश और संतुष्ट रखे। अपने परिवार के साथ समय बिताने और अन्य जिम्मेदारियों को निभाने के लिए भी आपको समय चाहिए।'
काम
ऑफिस की दूरी का पड़ता है काम पर असर
नितास का मानना है कि इसका न केवल कर्मचारी के निजी जीवन पर, बल्कि काम पर भी असर पड़ता है। उन्होंने लिखा, 'मुझे लगता है कि इससे लोग बहुत ज्यादा थक सकते हैं या काम में अपना योगदान देने और अच्छा काम करने की अपनी क्षमता से कट सकते हैं।'
लंबा सफर करने से कर्मचारी थक सकते हैं, जिससे उनका काम खराब हो सकता है। साथ ही इससे उन्हें मानसिक तनाव भी झेलना पड़ सकता है।
घर
जल्दी घर पहुंचना भी है अहम- नितास
नितास को लगता है कि अगर कर्मचारियों से रोजाना ऑफिस आने-जाने की उम्मीद की जाती है तो उन्हें काम के बाद जल्दी घर पहुंचने का मौका मिलना चाहिए।
उन्होंने लिखा, 'मैं चाहता हूं कि वे ऑफिस के करीब रहें, ताकि काम खत्म होने के बाद वे जल्द से जल्द घर पहुंच सकें और रोजाना अपने लिए कुछ अच्छा समय निकाल सकें।'
इससे कर्मचारी खुश और स्वस्थ रह पाएंगे और उनका काम के बाहर का समय भी अच्छा बीतेगा।
प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
नितास की इस सोच ने कई लोगों का ध्यान खींचा है। कुछ उनके फैसले का समर्थन करते नजर आए तो कई लोगों ने उनकी इस नीति पर सवाल खड़े किए।
लोगों ने सलाह दी कि दूरी को देखते हुए कर्मचारियों को रिजेक्ट करने के बजाय कंपनी को काम कम करना चाहिए। साथ ही कई लोगों ने 'वर्क फ्रॉम होम' या हफ्ते के कुछ दिन ही ऑफिस जा कर काम करने को भी इसका एक अच्छा समाधान बताया।