इस व्यक्ति ने 30,000 किलोमीटर चलाई साइकिल, कैंसर अनुसंधान के लिए जुटाए लाखों रुपये
क्या है खबर?
कनाडा के 69 वर्षीय मार्क हर्बस्ट नाम के व्यक्ति ने 30,000 किलोमीटर साइकिल चलाकर एक विश्व रिकॉर्ड बनाया और इससे उन्होंने कैंसर अनुसंधान के लिए 67,746 डॉलर यानी करीब 64 लाख से ज्यादा रुपये जुटाए हैं। मार्क ने इस खिताब का श्रेय अपनी दिवंगत पत्नी जैकी को दिया है, जिनका निधन 55 साल की उम्र में कैंसर के कारण हुआ था। आइए मार्क की इस शानदार यात्रा के बारे में जानते हैं।
यात्रा
मार्क ने साइकिल से 25 देशों की यात्रा की
मार्क ने 8 जनवरी, 2025 को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से अपनी यात्रा शुरू की और 324 दिनों में कुल 25 देशों की यात्रा करके वह 27 नवंबर, 2025 को वापस उसी जगह पहुंचे, जहां से उन्होंने शुरूआत की थी।
यह यात्रा पूरी करके मार्क साइकिल से दुनिया का चक्कर लगाने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष बन गए हैं।
उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाकर न्यूजीलैंड के क्रिस्टोफर बैनेट नामक व्यक्ति का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिनकी उम्र यात्रा करते समय 66 साल थी।
परिवार
साल 2021 में कैंसर के कारण मार्क ने अपनी पत्नी को खो दिया
मार्क ने बताया कि उनकी प्रेरणा के 2 कारण थे, जिसमें पहला ये कि उम्रदराज लोगों के लिए कुछ भी मुमकिन है और दूसरा, कि सेहत अच्छी हो तो हमें उसका फायदा उठाना चाहिए।
मार्क ने आगे कहा, "जैकी मेरी सब कुछ थी, लेकिन जब साल 2021 में स्क्वैमस सेल कैंसर से उसका निधन हो गया तो मैंने बाइक राइडिंग शुरू की।"
गिनीक बुक के अनुसार, मार्क ने अपने दुख का इस्तेमाल आगे बढ़ने की प्रेरणा के तौर पर किया।
मकसद
मार्क ने पूरा किया अपना मकसद और फाउंडेशन को दिया एक बड़ा चेक
मार्क ने कनाडा में 'प्रिंसेस मार्गरेट कैंसर फाउंडेशन' के जरिए अपनी यात्रा के लिए फंड इकट्ठा करने के लिए एक अभियान शुरू किया।
उनका मकसद कैंसर के खिलाफ लड़ने के लिए ज्यादा से ज्यादा फंड जुटाना और जागरूकता बढ़ाना था।
मार्क अपने मकसद को पूरा कर पाए और उन्होंने फाउंडेशन को एक बड़ा चेक दान किया।
यह दान इस उम्मीद के साथ दिया गया था कि किसी और को उस दर्द से गुजरना न पड़े, जिससे उनका परिवार गुजरा था।
बयान
खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से देनी चाहिए चुनौती- मार्क
मार्क ने यह भी कहा, "मेरा मानना है कि आगे बढ़ते रहने के लिए हमें लगातार खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से चुनौती देते रहना चाहिए। अगर हम आगे नहीं बढ़ रहे हैं तो हम खत्म हो रहे हैं।"
मार्क ने आगे कहा, "जरूरी नहीं कि यह दुनिया भर में साइकिल चलाने जैसा ही हो। यह रोजाना टहलने, बगीचे में काम करने, कोई नई भाषा सीखने या कुछ भी हो सकता है, जिससे चुनौती या तरक्की मिल सके।"
अन्य रिकॉर्ड
आइस हॉकी खिलाड़ियों ने भी रिकॉर्ड के साथ कैंसर अनुसंधान के लिए जुटाए पैसे
मार्क से पहले कनाडा में ही आइस हॉकी खिलाड़ियों ने अपने खेल के प्रति जुनून को एक विश्व रिकॉर्ड में बदला दिया और 10 दिन तक लगातार खेलकर उन्होंने कैंसर अनुसंधान के लिए करोड़ों रुपये तक जुटाए।
खिलाड़ियों ने यह रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य साल 2012 निर्धारित किया था, जब उन्हें यह पता चला कि उनके एक दोस्त की बेटी को कैंसर है। इसके बाद खिलाड़ियों ने कैंसर पीड़ितों की मदद करने का फैसला किया।