GTA-6 खेलने के लिए नौकरी बढ़ाने को तैयार हुए 43 सैनिक, मिलेगी 4 दिन की छुट्टी
क्या है खबर?
13 साल के लंबे इंतजार के बाद ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (GTA 6) आखिरकार आ ही गया, जिसकी दीवानगी दुनिया भर में देखने को मिल रही है। इस वीडियो गेम को खेलने के लिए अमेरिका के कुछ सैनिक इस हद तक चले गए हैं कि पूरी दुनिया उनके फैसले से दंग है। दरअसल, 43 अमेरिकी सैनिकों ने मिलकर अपनी नौकरी बढ़ाने का फैसला किया है, जिसके बदले में उन्हें GTA 6 खेलने के लिए 4 दिन की छुट्टी मिल जाएगी।
मामला
सेना ने ही दिया यह अनोखा ऑफर
जॉर्जिया के फोर्ट स्टीवर्ट स्थित 9वीं ब्रिगेड इंजीनियर बटालियन के 43 जवानों ने अपनी सैन्य सेवा को 2 से 6 साल तक बढ़ा दिया है। सेना में कुछ साल और काम करने के बदले उन्हें 4 दिन की छुट्टी दी जाएगी, जिसमें वे GTA 6 खेल सकेंगे।
सेना ने यह विशेष ऑफर बटालियन के 130 पात्र सैनिकों को दिया था और वे 1 अगस्त से 14 नवंबर तक नए कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर कर सकते थे।
मकसद
किसे आया यह बेहतरीन विचार?
130 योग्य जवानों में से 43 ने इस ऑफर का फायदा उठाया और इसे खुशी-खुशी अपना लिया। 9वीं बटालियन की करियर काउंसलर सार्जेंट ब्रिटनी को इस बेमिसाल ऑफर का विचार आया था।
वह खुद भी वीडियो गेम की शौकीन हैं, ऐसे में उनका यह ऑफर उनके अधिकारीयों को पसंद आया और उन्हें हरी झंडी मिल गई। इसके पीछे का मकसद था उन जवानों को भी सेना से जोड़े रखना, जो सेवा बढ़ाने का फैसला नहीं कर पा रहे थे।
फायदे
छुट्टी के साथ मिलेंगे ये फायदे
GTA 6 खेलने के लिए छुट्टी मिलने के अलावा, इन सैनिकों को कई और फायदे भी मिलने वाले हैं। सैन्य सेवा बढ़ाने के लिए उन्हें बोनस और करियर के नए अवसर दिए जाएंगे, जो जवानों की क्षमता पर निर्भर करेंगे।
इस समझौते पर हामी भरने वाले जमायर स्मिथ को इसके बदले 55 लाख रुपये से ज्यादा का बोनस मिला है। इस मौके से सैनिकों को आर्थिक मदद भी मिलेगी और वे अपना पसंदीदा गेम भी ज्यादा देर तक खेल पाएंगे।
जमायर
जमायर ने क्यों बदला अपना फैसला?
जमायर एक कॉम्बैट इंजीनियर हैं, जिन्होनें सेना में 6 साल और रहने का फैसला लिया। उन्होंने बताया, "मैं पूरी तरह इस वीडियो गेम में लगा हूं। मुझे लगता है कि मेरे पास इस पर बर्बाद करने के लिए पूरे 24 घंटे हैं।"
जमायर की सेवा जल्द ही खत्म होने वाली थी, लेकिन उनके अधिकारीयों ने उन्हें समझाया कि उनका अनुभव सेना के लिए अहम है। ऐसे में उन्होंने अपना फैसला बदला और सेना के साथ जुड़े रहने का निर्णय लिया।