210 साल पहले अंग्रेज ताजमहल से ले गए थे संगमरमर का टुकड़ा, लंदन में होगा नीलाम
क्या है खबर?
ताजमहल दुनिया के 7 अजूबों में से एक है, जिसकी एक झलक के लिए लोग दुनियाभर से भारत आते हैं। इस ऐतिहासिक इमारत से ईस्ट इंडिया कंपनी ने ब्रिटिश शाशन के दौरान संगमरमर का एक टुकड़ा निकाला था और अपने साथ ले गई थी। अब भारत की इस धरोहर को लंदन में नीलामी के लिए उपलब्ध करवाया जा रहा है। आइए इस नीलामी के बारे में विस्तार से जानते हैं।
टुकड़ा
क्या है इस टुकड़े का इतिहास?
यह संगमरमर का बेशकीमती टुकड़ा कर्नल पॉनोल फिप्स के पास था, जो आगरा में ऐतिहासिक इमारतों के ब्रिटिश अधीक्षक हुआ करते थे। ब्रिटिश राज के दौरान उनकी जिम्मेदारी ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक इमारतों की मरम्मत करवाना था।
1816 में उन्हें ताजमहल के नीचे के एक तहखाने में संगमरमर की 2 पटिया मिली थी। उन्हें इन्हें अपने पास रखने की अनुमति दे दी गई थी।
इनमें से एक को ही अब नीलाम किया जा रहा है।
नीलामी
210 साल बाद नीलाम होगा टुकड़ा
ताजमहल के इस हिस्से को 9 दिसंबर को लंदन में नीलाम किया जाएगा। यह 200 साल तक फिप्स के परिवार के पास ही रहा और अब जा कर नीलामी के लिए उपलब्ध हुआ है।
इसकी नीलामी का आयोजन 'ल्योन एंड टर्नबुल' नाम का नीलामीघर करवा रहा है। आयताकार आकार में कटे और किनारों से तराशे गए इस टुकड़े पर नक्काशी की गई है।
इसमें अगेट, जैस्पर, कैल्सेडोनी और अन्य अर्ध-कीमती रत्न भी जड़े हुए हैं।
विवरण
लाखों में बिकने की है उम्मीद
इस टुकड़े के चारों फूलों वाला सुंदर बॉर्डर बना है, जो ताजमहल में शाहजहां के मकबरे की ऊपरी समतल सतह के किनारे पर बने बॉर्डर जैसा ही है। इसका आकार 55.8cm x 45.2cm x 3cm है।
इसे 'इस्लामिक और भारतीय कला' नाम की नीलामी के दौरान मुख्य आकर्षण के रूप में पेश किया जाएगा। उम्मीद है कि इसकी कीमत लगभग 24 से 36 लाख रुपये के बीच लग सकती है।
नीलामीघर
नीलामीघर को है इसे बेचने की खुशी
नीलामीघर के इस्लामिक और भारतीय कला विभाग की प्रमुख क्रिस्टीना सैन ने कहा, "इतने व्यापक इतिहास वाली और दुनिया की सबसे मशहूर इमारतों में से एक से जुड़ी किसी कलाकृति को पेश करना सौभाग्य की बात है। यह बात बहुत ही असाधारण है कि एक वरिष्ठ ब्रिटिश अधिकारी द्वारा घर लाए जाने के 210 साल बाद यह कलाकृति सामने आई है।"
इसके लिए ऑनलाइन भी बोली लगाई जा सकती है।