बिहार का युवक कैंडी क्रश खेलकर 22,222वें लेवल पर पहुंचा, बनाया विश्व रिकॉर्ड
क्या है खबर?
एक बार फिर मोबाइल पजल गेम कैंडी क्रश सागा चर्चा का विषय बन गई है। बिहार का एक 19 वर्षीय लड़का है, जो इस गेम के 22,222वें लेवल पर पहुंचकर इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करवा चुका है। इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के मुताबिक, बिहार के दिघवारा के रहने वाले शुभम कुमार ने कैंडी क्रश के 22,222 वें लेवल तक पहुंचकर एक शानदार रिकॉर्ड बना दिया।
रिकॉर्ड
कैंडी क्रश के 22,222 वें लेवल पर पहुंचकर शुभम ने हासिल की कामयाबी
शुभम 'कैंडी क्रश में सबसे ज्यादा लेवल पार करने वाला युवा' बन चुका है और उसने यह मुकाम 5 जुलाई, 2026 को हासिल किया।
बता दें कि कैंडी क्रश में एक जैसी कैंडीज को मिलाना होता है और हर लेवल में खास मकसद समेत चुनौतियां भी शामिल होती हैं।
हालांकि, यह जानकारी सामने नहीं आई है कि शुभम ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कितने समय तक गेम खेला या उसे इतने लेवल पार करने में कितना समय लगा।
उपलब्धि
एकेडमिक कामयाबियों से अलग क्षेत्र में शुभन ने हासिल की उपलब्धि
19 साल के युवाओं के लिए उपलब्धियां अक्सर परीक्षा के नतीजों, कॉम्पिटिटिव एग्जाम, स्पोर्ट्स या दूसरी एक्स्ट्रा-करिकुलर एक्टिविटीज से जुड़ी होती हैं, लेकिन इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की लिस्टिंग में ऐसी कोई जानकारी नहीं है, जिससे पता चल सके कि शुभम की इस कामयाबी का उनके एकेडमिक परफॉर्मेंस या दूसरी स्किल्स से कोई संबंध है या नहीं।
हालांकि, इतना तो साफ है कि शुभम को मिली पहचान एकेडमिक कामयाबियों से अलग क्षेत्र में है।
योजना
गेम में आगे बढ़ता रहेगा शुभम
फिलहाल, शुभम का कैंडी क्रश के 22,222वें लेवल पर पहुंचना माइलस्टोन है, जिसने उसे इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीनएजर कैटेगरी में पहचान दिलाई है।
शुभम इस उपलब्धि को पाकर बहुत खुश है और इस गेम में आगे बढ़ते रहना चाहते हैं।
हालांकि, युवाओं को मोबाइल गेम से ज्यादा आउडोर खेलों को प्राथमिकता देनी चाहिए क्योंकि वे हमारी सेहत के लिए बेहतर माने जाते हैं।
अन्य मामला
धोनी का वीडियो वायरल होने के बाद लाखों बार डाउनलोड हुआ कैंडी क्रश गेम
कुछ साल पहले महेंद्र सिंह धोनी का टैबलेट पर कैंडी क्रश खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
धोनी का वीडियो वायरल होने के महज 3 घंटे के भीतर ही 36 लाख लोगों ने कैंडी क्रश गेम डाउनलोड किया।
इस बात की जानकारी कैंडी क्रश सागा ने ट्वीट करके दी थी। कैंडी क्रश ने ट्वीट में लिखा था,'भारतीय क्रिकेट दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी को धन्यवाद। हम सिर्फ आपकी वजह से भारत में ट्रेंड किए।'