Page Loader
युवराज सिंह इंडियन प्रीमियर लीग में बन सकते हैं कोच, इस टीम ने दिखाई दिलचस्पी
युवराज सिंह बतौर कोच नजर आ सकते हैं (फाइल तस्वीर: एक्स/@IPL)

युवराज सिंह इंडियन प्रीमियर लीग में बन सकते हैं कोच, इस टीम ने दिखाई दिलचस्पी

Aug 25, 2024
12:01 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कोच बन सकते हैं। DC फ्रेंचाइजी इस स्टार ऑलराउंडर के संपर्क में है और युवराज दिल्ली के लिए IPL में खेल भी चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान रिकी पोटिंग DC के कोच पिछले 7 साल से हैं, लेकिन अब फ्रेंचाइजी बदलाव चाहती है। ऐसे में आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।

मामला

पहली बार किसी टीम के कोच बनेंगे युवराज 

मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो पिछले 3 सीजन से प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई DC नए सिरे से सबकुछ चाहती है। युवराज को बतौर मुख्य कोच जोड़ना इसी क्रम का हिस्सा है। अगर DC युवराज को अपने साथ जोड़ पाती है तो यह किसी भी क्रिकेट टीम के कोच के रूप में उनका पहला कार्यकाल होगा। इससे पहले ये खबरें भी आईं थी कि सौरव गांगुली को मुख्य कोच बनाया जा सकता है। हालांकि, ऐसा होता दिख नहीं रहा है।

खबर

गुजरात के कोच बनने की भी आई थी खबर 

युवराज के नाम पर गुजरात टाइटंस (GT) भी विचार कर रही थी। हालांकि, ये बात आगे नहीं बढ़ पाई है। न्यूज-18 ने एक सूत्र के हवाले से लिखा था, "काफी बदलाव होने वाले हैं। कोच आशीष नेहरा और विक्रम सोलंकी के टीम से बाहर होने की संभावना है और युवराज को लेकर चर्चा शुरू हुई है। अभी कुछ भी तय नहीं है।" IPL 2024 में GT ने सिर्फ 5 मैच ही जीते और 7 मैचों में उसे हार मिली थी।

टीम 

6 फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं युवराज 

IPL के इतिहास में यह पूर्व दिग्गज खिलाड़ी 6 फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए नजर आया था। ये टीमें DC, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), मुंबई इंडियंस (MI), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), पंजाब किंग्स (PBKS) और पुणे वॉरियर्स थी। वह 2 बार IPL का खिताब जीतने वाली टीम के सदस्य भी रहे थे। युवराज ने IPL में 132 मुकाबले खेले और इसकी 126 पारियों में 24.77 की औसत से 2,750 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 13 अर्धशतक निकले थे।

बल्लेबाज

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज 

युवराज का नाम सुनते ही 2007 में खेले गए टी-20 विश्व कप के उनके 6 छक्के याद आ जाते हैं। 19 सितंबर, 2007 को युवराज ने तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के 1 ओवर में लगातार 6 छक्के लगाकर इतिहास रच दिया था। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ऐसा कारनामा करने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी बने थे। वह दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा कीर्तिमान बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने थे।