LOADING...
ओवल टेस्ट: यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा चौथा टेस्ट शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
यशस्वी जायसवाल ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

ओवल टेस्ट: यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा चौथा टेस्ट शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स

Aug 02, 2025
08:18 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच ओवल में खेले जा रहे 5वें टेस्ट की दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतकीय पारी (118) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का छठा और इंग्लैंड की धरती पर दूसरा शतक रहा। इस टीम के खिलाफ टेस्ट में उन्होंने चौथा शतक लगाया है। पहली पारी में वह कुछ खास नहीं कर पाए थे और सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही यशस्वी की पारी 

यशस्वी ने 127 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 164 गेंदों में 118 रन बनाए। उनके बल्ले से 14 चोके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 71.95 की रही। उन्हें जोश टंग ने आउट किया। यशस्वी ने केएल राहुल के साथ मिलकर 59 गेंदों में 46 रन जोड़े। आकाश दीप के साथ उन्होंने 107 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद करुण नायर (40) और रविंद्र जडेजा (44) के साथ भी उन्होंने छोटी-छोटी साझेदारी निभाई।

उपलब्धि

यशस्वी ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि 

भारतीय बल्लेबाजों में 24 साल की उम्र से पहले सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़ने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने इस उम्र तक 11 शतक लगाए थे। यशस्वी इस सूची में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने अब तक 6 शतक जड़े हैं। दिलीप वेंगसरकर और रवि शास्त्री ने 5-5 शतक, जबकि सुनील गावस्कर, मोहम्मद अजहरुद्दीन और विनोद कांबली ने इस उम्र तक 4-4 शतक लगाए थे।

बल्ला

इंग्लैंड के खिलाफ खूब चलता है यशस्वी का बल्ला 

इंग्लैंड के खिलाफ यशस्वी ने अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 19 पारियों में 62.38 की औसत के साथ 1,123 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 4 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। इस खिलाड़ी का इंग्लैंड के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर 214* रन रहा है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन इसी टीम के खिलाफ बनाए हैं। दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (391) है।

करियर

यशस्वी के टेस्ट करियर पर एक नजर 

यशस्वी ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2023 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 24 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 46 पारियों में 50.20 की औसत के साथ 2,209 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 6 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ सोकर 214* रन रहा है। लीड्स में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में भी यशस्वी के बल्ले से शतक निकला था।