Page Loader
अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम घोषित, यश ढुल करेंगे कप्तानी
14 जनवरी 2022 से शुरू होगा विश्व कप

अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम घोषित, यश ढुल करेंगे कप्तानी

Dec 20, 2021
10:26 am

क्या है खबर?

अगले साल जनवरी-फरवरी में वेस्टइंडीज में शुरू होने वाले अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बीते रविवार को 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। दिल्ली के युवा बल्लेबाज यश ढुल को टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं आंध्र प्रदेश के एसके रशीद को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। विश्व कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम पर एक नजर डालते हैं।

कार्यक्रम

15 जनवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभियान शुरू करेगा भारत

भारतीय टीम में हरियाणा के दिनेश बाना और उत्तर प्रदेश के आराध्या यादव के रूप में दो विकेटकीपर चुने गए हैं। इनके अलावा पांच स्टैंडबाय खिलाड़ियों को भी दल में शामिल किया गया है। भारत विश्व कप 2022 में अपना पहला मैच 15 जनवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेलेगा। इसके बाद भारतीय टीम ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में 19 और 22 जनवरी को क्रमशः आयरलैंड और युगांडा से भिड़ेगी।

भारतीय टीम

अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम

भारतीय टीम: यश ढुल (कप्तान), हरनूर सिंह, अंगक्रिश रघुवंशी, एसके रशीद (उप-कप्तान), निशांत सिंधु, सिद्धार्थ यादव, अनीश्वर गौतम, दिनेश बाना (विकेटकीपर), आराध्या यादव ( विकेटकीपर), राज अंगद बावा, मानव पारेख, कौशल तांबे, आरएस हैंगरगेकर, वासु वत्स, विक्की ओस्तवाल, रविकुमार और गर्व सांगवान। स्टैंडबाय खिलाड़ी: ऋषि रेड्डी, उदय सहारन, अंश गोसाई, अमृत राज उपाध्याय और पीएम सिंह राठौर।

प्रदर्शन

वीनू मांकड़ ट्रॉफी में यश ढुल ने किया था शानदार प्रदर्शन

अंडर-19 विश्व कप टीम के कप्तान बनाए गए यश ढुल इस साल वीनू मांकड़ ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शूमार थे। उन्होंने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में DDCA की ओर से खेलते हुए पांच मैचों में 75.50 की औसत और 103.42 के स्ट्राइक रेट से 302 रन बनाए थे। ढुल ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ मोहाली में 129 के अपने सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के साथ एक शतक और एक अर्धशतक भी लगाया था।

इतिहास

विश्व कप इतिहास की सबसे सफल टीम है भारत

विश्व कप के इतिहस में भारत सबसे सफल टीम रही है, जिसने 2000, 2008, 2012 और 2018 में अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीता है। इसके अलावा भारत 2016 और 2020 में उपविजेता भी रहा है। खिताब के मामले में इस सूची में ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है, जिन्होंने 1988, 2002 और 2010 में टूर्नामेंट जीता है। पाकिस्तान ने दो बार ट्रॉफी जीती है जबकि बांग्लादेश, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड ने एक-एक बार टूर्नामेंट जीता है।

विश्व कप 2020

पिछली बार उपविजेता रहा था भारत

भारत 2020 अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में उपविजेता रहा था। खिताबी मुकाबले में बांग्लादेश ने भारत पर तीन विकेट (डक वर्थ लुईस द्वारा) से जीत दर्ज की थी। उस विश्व कप में भारत ने श्रीलंका, जापान, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। भारत के यशस्वी जायसवाल टूर्नामेंट के प्रमुख रन-स्कोरर रहे थे। उन्होंने 133.33 की अविश्वसनीय औसत से 400 रन बनाए थे।