घरेलू क्रिकेट में त्रिपुरा से खेलेंगे रिद्धिमान साहा, 15 साल बाद छोड़ा बंगाल का साथ
क्या है खबर?
भारतीय टेस्ट विकेटकीपर और बंगाल की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले रिद्धिमान साहा अब त्रिपुरा की टीम से खेलेंगे। इसके साथ-साथ वह त्रिपुरा की सीनियर टीम के मेंटोर की भूमिका में भी नजर आएंगे।
त्रिपुरा क्रिकेट संघ (TCA) के संयुक्त सचिव किशोर दास ने यह जानकारी दी है।
बता दें साहा को हाल ही में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) से NOC मिल चुकी है।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
साहा त्रिपुरा से खेलने के लिए राजी हो गए हैं- किशोर दास
TCA के सचिव किशोर दास ने स्पष्ट किया है कि बंगाल से NOC मिलने के बाद अब साहा त्रिपुरा से खेलने के लिए तैयार हो गए हैं।
उन्होंने समाचार एजेंसी PTI से कहा, "हमने साहा के साथ बातचीत की है और वह राज्य के लिए खेलने के लिए राजी हो गए हैं। वह खिलाड़ियों को प्रेरित करने के लिए सीनियर टीम के मेंटोर के रूप में भी काम करेंगे।"
कप्तानी
कप्तानी को लेकर बाद में होगा फैसला
किशोर दास ने उम्मीद जताई है कि साहा 15 जुलाई तक करार पर दस्तखत कर देंगे। वह त्रिपुरा की कप्तानी करेंगे या नहीं इस पर भविष्य में फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा, "अभी यह तय नहीं हुआ है कि उन्हें टीम का कप्तान बनाया जाएगा या नहीं। इस पर बाद में फैसला किया जाएगा।"
37 वर्षीय साहा के त्रिपुरा के लिए रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की उम्मीद है।
जानकारी
साहा ने बंगाल से खेलने से किया था इंकार
रणजी ट्रॉफी 2021-22 के नॉकआउट चरण के मुकाबले के लिए साहा को बंगाल की टीम में चुना गया था। हालांकि, टीम में चुने जाने के ठीक बाद उन्होंने बंगाल की ओर से खेलने से इंकार कर दिया था। साहा का कहना था कि टीम में चुने जाने से पहले उनसे बातचीत नहीं की गई थी।
इसके बाद CAB से साथ पिछले कुछ समय से चले आ रहे मनमुटाव के बीच साहा को हाल ही NOC मिल गई थी।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
साहा ने नवंबर 2007 में हैदराबाद के खिलाफ अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू बंगाल की ओर से किया था। वह लगभग 15 साल के बाद अब बंगाल से अलग हो गए हैं।
करियर
शानदार रहा है साहा का फर्स्ट क्लास करियर
साहा ने 40 टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें 29.41 की औसत से 1,353 रन अपने नाम किए हैं। अपने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर में उन्होंने तीन शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं।
साहा का फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने 122 मैचों में भाग लिया है, जिसमें उन्होंने 41.98 की औसत से 6,423 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 13 शतक और 38 अर्धशतक लगाए हैं।