WPL 2026: नैट साइवर-ब्रंट ने लगाया लगातार दूसरा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के 8वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) की नैट साइवर-ब्रंट ने यूपी वारियर्स (UPW) के खिलाफ मैच में बेहतरीन अर्धशतकीय पारी (65) खेली। यह उनका मौजूदा WPL सीजन में लगातार दूसरा अर्धशतक साबित हुआ। उनकी इस पारी की मदद से MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 161/5 का स्कोर बनाया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही साइवर-ब्रंट की पारी
MI ने जब 43 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब साइवर-ब्रंट क्रीज पर आई। इस दाएं हाथ की इंग्लिश बल्लेबाज ने नवी मुंबई स्टेडियम में विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। MI की पारी के आखिरी ओवर के दौरान साइवर-ब्रंट 43 गेंदों में 65 रन बनाकर आउट हुई। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 9 चौके और एक छक्का लगाया।
ट्विटर पोस्ट
साइवर-ब्रंट ने WPL में 10वां अर्धशतक लगाया
🔟th #TATAWPL fifty for the ever-dependable Nat Sciver-Brunt 🫡#MI eyeing a strong finish with the bat 💥
— Women's Premier League (WPL) (@wplt20) January 15, 2026
Updates ▶️ https://t.co/UPFLXNFhTQ #KhelEmotionKa | #MIvUPW pic.twitter.com/C47tL17IY6
अर्धशतक
WPL में सर्वाधिक 50+ स्कोर वाली बल्लेबाज बनी साइवर-ब्रंट
साइवर-ब्रंट ने अपने WPL करियर का 10वां अर्धशतक लगाया। वह संयुक्त रूप से सर्वाधिक 50+ स्कोर वाली बल्लेबाज बनी। उन्होंने इस मामले में हरमनप्रीत कौर (10) और मेग लैनिंग (10) की बराबरी की। साइवर-ब्रंट ने WPL में 32 मुकाबले खेले हैं। इसकी 32 पारियों में 46.64 की औसत के साथ उन्होंने 1,166 रन बनाए हैं। वह इस लीग में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं।
बल्लेबाजी
ऐसी रही MI की बल्लेबाजी
MI की सलामी बल्लेबाज अमनजोत कौर ने 33 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली। उनकी सलामी जोड़ीदार जी कमलिनी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकी और सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुई। MI की कप्तान हरमनप्रीत 11 गेंदों पर 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आई निकोलस कैरी ने 20 गेंदों में 5 चौकों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए।