WPL 2026, एलिमिनेटर: GG बनाम DC मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स (GG) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से 3 फरवरी को होगा। इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल का टिकट हासिल करेगी, जहां उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होना है। GG ने अपने पिछले 3 मैचों को जीतते हुए एलिमिनेटर में क्वालीफाई किया है। ऐसे में एशले गार्डनर की कप्तानी वाली टीम जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। आइए इस मुकाबले से जुड़ी अहम बाते जानते हैं।
हेड-टू-हेड
बराबरी का रहा है आपसी मुकाबला
अब तक दोनों टीमों के बीच आपसी मुकाबला बराबरी का रहा है। क्रिकइंफो के मुताबिक, GG और DC कुल 8 मैचों में एक-दूसरे से भिड़ी हैं, जिसमें से दोनों टीमों ने 4-4 मैच जीते हैं। WPL 2026 में GG और DC अब तक 2 मैचों में आमने-सामने हुई और दोनों मुकाबलों में GG ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में GG की टीम अपने इस वर्चस्व को बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
GG
इस संयोजन के साथ उतर सकती है GG
GG को बेथ मूनी और सोफी डिवाइन की सलामी जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर अपनी फॉर्म में वापसी करना चाहेगी। दाएं हाथ की इस तेज गेंदबाज ने अपने पिछले 2 मैचों में कोई विकेट नहीं लिया है। संभावित एकादश: बेथ मूनी (विकेटकीपर), सोफी डिवाइन, अनुष्का शर्मा, एशले गार्डनर (कप्तान), जॉर्जिया वेयरहैम, भारती फुलमाली, कनिका आहूजा, काशवी गौतम, तनुजा कंवर, रेणुका सिंह ठाकुर, और राजेश्वरी गायकवाड़।
DC
ऐसी हो सकती है DC की टीम
DC ने अपने पिछले मैच में यूपी वारियर्स (UPW) को हराया था। उस मुकाबले में लौरा वोल्वार्ड्ट ने 46 रन की पारी खेली थी। वोल्वार्ड्ट बड़े मैचों की भरोसेमंद बल्लेबाज है और वह एलिमिनेटर मुकाबले में भी अंतर पैदा करने का प्रयास करेगी। संभावित एकादश: शफाली वर्मा, लिजेल ली (विकेटकीपर), लौरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिगेज (कप्तान), मरिजान कप्प, चिनेले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मीनू मणि, श्री चरणी और नंदनी शर्मा।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
GG की कप्तान गार्डनर ने WPL 2026 में 8 पारियों में 30.50 की औसत और 142.69 की स्ट्राइक रेट के साथ 244 रन बनाए हैं। DC की वोल्वार्ड्ट अब तक इस सीजन में 8 पारियों में 40.16 की औसत और 130.27 की स्ट्राइक रेट से 241 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में डिवाइन ने 8 पारियों में 13.94 की औसत और 7.94 की इकॉनमी रेट से सर्वाधिक 17 विकेट लिए हैं। नंदनी शर्मा अब तक 14 विकेट ले चुकी है।
जानकारी
कब और कहां देखें मैच?
GG और DC के बीच होने वाला एलिमिनेटर मुकाबला 3 फरवरी को वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में शाम 7:30 से शुरू होगा। इस मैच को जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर देखा जा सकता है।