Page Loader
WPL 2024: नीलामी के बाद कुछ ऐसी है गुजरात जायंट्स की टीम, जानिए अहम बातें 
WPL के पहले संस्करण में GG का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था (तस्वीर: एक्स/@WPL20)

WPL 2024: नीलामी के बाद कुछ ऐसी है गुजरात जायंट्स की टीम, जानिए अहम बातें 

Dec 09, 2023
07:01 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के लिए शनिवार को मुंबई में मिनी नीलामी आयोजित की गई। इस नीलामी में गुजरात जायंट्स (GG) ने तय रणनीति के तहत कुछ खिलाड़ियों को अपने दल में शामिल किया है। हाल ही में फ्रेंचाइजी ने सबसे अधिक 11 खिलाड़ियों को रिलीज करते हुए कुछ कठोर कदम उठाए थे। आइए नीलामी के बाद GG की पूरी टीम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

काश्वी को 2 करोड़ रुपये में खरीदा 

काश्वी गौतम WPL के इतिहास में सबसे महंगी अनकैप्ड खिलाड़ी बन गई हैं। वह 10 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ उतरी थी। इस छोटी नीलामी में गौतम संयुक्त रूप से सबसे महंगी खिलाड़ी बनी हैं। दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने एनाबेल सदरलैंड को 2 करोड़ रुपये में अपने साथ शामिल किया है। 20 वर्षीय यह ऑलराउंडर हाल ही में भारतीय महिला-A टीम की ओर से इंग्लैंड महिला-A टीम के विरुद्ध टी-20 सीरीज में खेलते हुए नजर आई थी।

रिपोर्ट

फीबी लिचफील्ड को 1 करोड़ रुपये में खरीदा 

ऑस्ट्रेलिया की स्टार खिलाड़ी फीबी लिचफील्ड को नीलामी में GG ने 1 करोड़ रुपये खर्च कर अपने साथ जोड़ा है। लिचफील्ड अपनी ऑलराउंड क्षमता के जरिए जानी जाती हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सर्किट में तेजी से काफी नाम कमाया है। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में भारत के खिलाफ टी-20 डेब्यू किया और इस साल वनडे और टेस्ट डेब्यू किया। लिचफील्ड ने 5 अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैचों में 49.50 की बल्लेबाजी औसत और 220.00 की स्ट्राइक रेट से 99 रन बनाए हैं।

रिपोर्ट

नीलामी के बाद ऐसा है GG का पूरा दल 

GG ने नीलामी में काफी सोच समझकर खिलाड़ियों पर दांव लगाने का काम किया। टीम नीलामी में सबसे अधिक राशि के साथ मैदान में उतरी थी। टीम के पास नीलामी से पहले 5.95 करोड़ रुपये थे। GG का पूरा दल: एशले गार्डनर, बेथ मूनी, दयालन हेमलता, हरलीन देओल, लौरा वोल्वार्ड्ट, शबनम शकील, स्नेह राणा, तनुजा कंवेर, फीबी लिचफील्ड, मेघना सिंह, त्रिशा पूजिता, काश्वी गौतम, लौरा शार्लेट, प्रिया मिश्रा, केथरिन ब्रायन, मन्नत कश्यप, तरन्नुम पठान।

रिपोर्ट

पहले संस्करण में बेहद खराब रहा था GG का प्रदर्शन 

WPL के उद्घाटन संस्करण में GG का प्रदर्शन सभी टीमों में सबसे खराब और निराशाजनक रहा था। टीम लीग दौर से भी आगे नहीं बढ़ पाई थी। टीम 5 टीमों की अंक तालिका में अंतिम पायदान पर रही थी। GG अपने 8 में से केवल 2 मैच ही जीत पाई थी और 6 में उसे बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा था। टीम का नेट रन रेट (-2.220) भी सबसे खराब था।