क्या विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए खेलेंगे विराट कोहली? कोच ने दिया बड़ा बयान
क्या है खबर?
रणजी ट्रॉफी में दिल्ली क्रिकेट टीम का प्रदर्शन भले ही निराशाजनक रहा हो, लेकिन टीम के मुख्य कोच विजय दहिया ने विजय हजारे ट्रॉफी के लिए अभी से बड़े खिलाड़ियों को जोड़ने की उम्मीद लगा रखी है। यह टूर्नामेंट 14 दिसंबर से शुरू होगा। दहिया की प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर विराट कोहली का नाम है। वह चाहते हैं कि कोहली इस घरेलू टूर्नामेंट में दिल्ली की ओर से खेलें और टीम को मजबूती दें।
बयान
दहिया ने क्या कहा?
दहिया ने अपने बयान में कहा, "अगर कोहली खेलना चाहते हैं तो मैं उन्हें ड्रेसिंग रूम में जरूर देखना चाहूंगा। मैं उनसे खिलाड़ियों को मेहनत, काम के प्रति समर्पण और इस मुकाम तक पहुंचने के लिए किए गए प्रयासों के बारे में बताने का आग्रह करूंगा। उन्होंने भी इसी घरेलू क्रिकेट व्यवस्था से अपना सफर शुरू किया है।"
दहिया ने पालम स्थित एयरफोर्स कॉम्प्लेक्स ग्राउंड पर सर्विसेज के खिलाफ दिल्ली का मैच ड्रॉ होने के बाद यह बात कही।
दिग्गज
रोहित शर्मा खेलेंगे विजय हजारे ट्रॉफी
पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 13 से 19 दिसंबर तक होने वाली वनडे सीरीज के बाद विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) को अपनी उपलब्धता बता दी है।
हालांकि, कोहली ने अभी तक खेलने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
इसके बावजूद दिल्ली के कोच का मानना है कि कोहली टीम के लिए विकल्प बने हैं और उन्हें अपनी उपलब्धता का अलग से ऐलान करने की जरूरत नहीं है।
उपलब्ध
कोहली उपलब्ध हैं- दहिया
दहिया ने कहा, "कोहली उपलब्ध हैं। जो खिलाड़ी पिछले साल खेल चुका है उसे अपनी उपलब्धता का औपचारिक ऐलान करने की जरूरत नहीं है। उनका काम के प्रति समर्पण शानदार है और मैं उन्हें टीम का हिस्सा बनाना चाहता हूं। 100 टेस्ट खेल चुके कोहली लाल गेंद के क्रिकेट में मेंटर की भूमिका निभाकर अपने अनुभव साझा कर सकते हैं। वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मैंने उनसे पूछा तो उन्होंने बताया कि उनकी गेंदबाजी भी अच्छी चल रही है।"
सलामी बल्लेबाज
इस कारण कोहली को टीम में देखना चाहते हैं दहिया
दहिया ने आगे कहा, "जब हमारे सलामी बल्लेबाज (प्रियांश आर्य) आउट हुए तो उन्होंने मुझसे पूछा कि अगर कोहली होते तो इस लक्ष्य का पीछा किस तरह करते? हमने इस पर चर्चा की और समझाया कि कोहली ऐसी स्थिति में क्या करते? यही वजह है कि मैं उन्हें टीम के साथ देखना चाहता हूं। वह पिछले सत्र में भी टीम के साथ थे। मैं चाहता हूं कि वह ड्रेसिंग रूम में बैठकर खिलाड़ियों को हर छोटी-बड़ी बात समझाएं।"
जानकारी
मैंने कोहली का हर दौर देखा है- दहिया
दिल्ली के कोच ने कोहली को लेकर कहा, "मैंने उनका हर दौर को देखा है। मैं खिलाड़ियों को बता सकता हूं कि उन्होंने कहां से शुरुआत की और आज किस मुकाम पर हैं। सही रास्ते पर चलकर हर खिलाड़ी कुछ खास हासिल कर सकता है।"