Page Loader
IPL: क्या विराट कोहली बनेंगे RCB के कप्तान? जानिए मुख्य कोच ने क्या कहा 
विराट कोहली RCB की टीम का हिस्सा हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL: क्या विराट कोहली बनेंगे RCB के कप्तान? जानिए मुख्य कोच ने क्या कहा 

Jan 10, 2025
12:58 pm

क्या है खबर?

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के लिए टीम के कप्तान के रूप में विराट कोहली की वापसी की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है। यह चर्चा तब शुरू हुई जब RCB ने 2024 सीजन के बाद पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस से नाता तोड़ लिया था। फ्रेंचाइजी अब नए कप्तान की तलाश कर रही है, जिसमें कोहली अपने पिछली नेतृत्व क्षमता और अनुभव के आधार पर एक मजबूत दावेदार हैं।

मुश्किल

कप्तानी को लेकर मुश्किल में है RCB

IPL 2025 के लिए हुई बड़ी नीलामी के बाद RCB कप्तानी को लेकर बड़ी मुश्किल स्थिति में है। कोहली के अलावा रजत पाटीदार, क्रुणाल पांड्या, लियाम लिविंगस्टोन, भुवनेश्वर कुमार और फिल सॉल्ट जैसे खिलाड़ियों को कप्तानी का बहुत कम अनुभव है। इससे कोहली की कप्तानी में संभावित वापसी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, फ्रेंचाइजी के प्रबंधन ने अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक फैसला नहीं किया है।

कप्तान

क्या बोले फ्लावर?

स्पोर्ट्स तक के साथ हाल ही में एक साक्षात्कार में फ्लावर ने RCB कप्तान के रूप में कोहली की वापसी को लेकर लगातार चल रही अटकलों के बारे में बात की। उन्होंने कहा, "ठीक है, आपको परिणाम का इंतजार करना होगा। यह एक नया युग है जिसमें हम जा रहे हैं, ये 3 साल के चक्र की शुरुआत है। इस संबंध में अभी तक कोहली से कोई आधिकारिक संपर्क नहीं किया गया है।"

आंकड़े

IPL में बतौर कप्तान कोहली के आंकड़े 

कोहली ने IPL में 143 मैचों में कप्तानी की थी। इस दौरान टीम को 66 मुकाबलों में जीत मिली। 70 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था। 3 मैच टाई रहे थे और 4 मुकाबलों में कोई नतीजा नहीं निकल पाया था। कोहली से ज्यादा सिर्फ रोहित शर्मा (158) और महेंद्र सिंह धोनी (226) ने IPL मैचों में कप्तानी की है। कोहली पहले सीजन से लेकर अब तक सिर्फ RCB के लिए ही खेले हैं।

छोड़ना

कब और क्यों छोड़ी थी कोहली ने कप्तानी?

कोहली साल 2013 से 2021 तक RCB के कप्तान रहे थे। इस दौरान टीम 4 बार प्लेऑफ में पहुंची थी। साल 2016 में टीम ने फाइनल मुकाबला खेला था। जहां वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ हार गए थे। साल 2021 में भारतीय टीम की कप्तानी छोड़ने के बाद कोहली ने RCB की कप्तानी भी छोड़ दी थी। इस भारतीय दिग्गज खिलाड़ी ने कभी भी IPL की ट्रॉफी अपने नाम नहीं की है।