अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भारत की ओर से नंबर-3 पर कौन करेगा बल्लेबाजी?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला शनिवार (6 जून) से चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने स्पष्ट कर दिया है कि साई सुदर्शन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। सुदर्शन ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और तब से वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच खेल चुके हैं।
बचाव
सुदर्शन फॉर्म से बाहर नहीं हैं- गंभीर
गंभीर ने सुदर्शन की क्षमता और पिछले प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें उचित मौका देने की आवश्यकता पर बल दिया। गंभीर ने कहा, "साई सुदर्शन को उचित मौका नहीं मिला है। उन्होंने ज्यादातर इंग्लैंड में खेला है और मेरा मानना है कि उन्हें उचित मौका मिलना चाहिए।" गंभीर ने यह भी कहा कि औसत कम होने के बावजूद सुदर्शन फॉर्म से बाहर नहीं हैं, क्योंकि उन्होंने IPL 2026 सीजन में 45.13 के औसत से 722 रन बनाए हैं।
प्रदर्शन
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 38 से अधिक है सुदर्शन की औसत
सुदर्शन घरेलू क्रिकेट और IPL में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसका श्रेय उनकी शानदार बल्लेबाजी और धैर्य को जाता है। टेस्ट टीम में उनका चयन उनके करियर का एक और महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि उन्होंने अपनी तकनीक और धैर्य से सभी प्रारूपों में प्रभावित किया है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 38.67 की औसत 2,591 रन बनाए हैं। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल को पछाड़कर मैच के लिए नंबर-3 हासिल किया है।
रणनीति
श्रीलंका सीरीज के लिए स्पिन विकल्पों पर गंभीर की राय
गंभीर श्रीलंका में होने वाली 2 मैचों की सीरीज के लिए कई स्पिन गेंदबाजी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मानव सुथार और हर्ष दुबे कुछ हद तक एक जैसे हैं, लेकिन गेंद फेंकने के तरीके में अंतर भी है। यह मैच हमें अपने चौथे स्पिनर को चुनने का मौका देता है, क्योंकि हम श्रीलंका में 4 स्पिनर लेकर जाएंगे।" कोच ने न्यूजीलैंड दौरे पर भी बदलाव करने का संकेत दिया और बेहतर तैयारी की बात कही है।