Page Loader
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स कौन हैं?
स्टब्स ने लगाया तेज अर्धशतक (तस्वीर: ट्विटर/@OfficialCSA)

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स कौन हैं?

Jul 28, 2022
07:26 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। पहले मैच में इंग्लैंड ने 234/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका 193/8 का स्कोर ही बना सकी। प्रोटियाज टीम से अपना तीसरा टी-20 खेल रहे ट्रिस्टन स्टब्स ने ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाकर प्रभावित किया। आइए उनके अब तक के सफर पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

स्टब्स ने अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय में लगाया अर्धशतक

ट्रिस्टन स्टब्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहली पारी में आक्रामक अर्धशतक लगाया। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों का सामना करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। स्टब्स ने अंततः 28 गेंदों में 257.14 की स्ट्राइक रेट से 72 रनों की पारी खेली, जिसमें दो चौके और आठ छक्के शामिल थे। स्टब्स ने स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ सिर्फ 10 गेंदों पर 33 रन बनाए। उन्हें रिचर्ड ग्लीसन ने जेसन रॉय के हाथों कैच आउट कराया।

पदार्पण

भारत के खिलाफ किया था अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण

स्टब्स ने इस साल की शुरुआत में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। हालांकि, उस मैच में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था। उन्होंने बेंगलुरु में हुए टी-20 में भी बल्लेबाजी नहीं की। वह मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था। स्टब्स को आखिरकार अपने तीसरे अंतरराष्ट्रीय मैच में बल्लेबाजी का मौका मिला, जिसमें उन्होंने प्रभावित किया।

घरेलू करियर

ऐसा है स्टब्स का घरेलू करियर

स्टब्स ने अब तक 22 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें 36.25 की उम्दा औसत और 163.84 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 580 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 80* के सर्वोच्च स्कोर के साथ चार अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने अब तक आठ फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें 465 रन बनाए हैं। स्टब्स ने 11 लिस्ट-A मैचों में 27.50 की औसत से 275 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है।

आंकड़े

CSA टी-20 चैलेंज में किया था कमाल

स्टब्स CSA टी-20 चैलेंज 2021-22 में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। उन्होंने सात मैचों में 48.83 की औसत और 183.12 की स्ट्राइक रेट से 293 रन बनाए थे। इस बीच 80* के सर्वोच्च स्कोर के साथ उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए थे। रनों के मामले में स्टब्स सिर्फ पीटर मालन से पीछे थे, जिन्होंने नौ मैचों में 46.00 की औसत से 368 रन अपने नाम किए थे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

मुंबई इंडियंस (MI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के लिए स्टब्स को टायमल मिल्स के रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया था। IPL 2022 में उन्होंने सिर्फ दो मैचों में मौका मिला था, जिसमें उन्होंने दो रन बनाए थे।