Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारतीय दल में शामिल 14 साल की अनाहत सिंह कौन हैं?
राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारतीय दल में सबसे युवा खिलाड़ी हैं अनाहत

राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारतीय दल में शामिल 14 साल की अनाहत सिंह कौन हैं?

Jul 29, 2022
03:40 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में विभिन्न देशों के कई दिग्गज खिलाड़ी खेलते दिखेंगे। अगर भारतीय दल की बात करें तो पीवी सिंधु, मीराबाई चानू, स्मृति मंधाना, किदाम्बी श्रीकांत और अमित पंघाल जैसे कई नामी सितारों के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। दूसरी तरफ सिर्फ 14 साल की स्क्वाश खिलाड़ी अनाहत सिंह पर भी सबकी नजरें रहने वाली हैं, जो आगामी खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल की सबसे युवा खिलाड़ी हैं। अनाहत के अब तक के सफर को जानते हैं।

स्क्वाश

अनाहत की बहन अमीरा भी हैं स्क्वाश खिलाड़ी

13 मार्च, 2008 को दिल्ली में जन्मी अनाहत सिंह के पिता गुरशरण सिंह एक वकील हैं जबकि उनकी मां तानी वदेहरा सिंह इंटीरियर डिजाइनर हैं। अनाहत की बड़ी बहन अमीरा भी स्क्वैश खिलाड़ी हैं। वह अंडर-19 स्तर पर भारत की शीर्ष खिलाड़ियों में रह चुकी हैं और फिलहाल अपनी स्नातक की डिग्री हासिल करने के लिए हार्वर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही हैं। वह अभी भी हार्वर्ड महिला टीम के लिए स्क्वैश खेलती हैं।

पसंद

अनाहत को स्क्वाश से पहले बैडमिंटन था पसंद

अनाहत को स्क्वैश से पहले बचपन में बैडमिंटन पसंद था। उन्होंने छह साल की उम्र में दिल्ली में पीवी सिंधु को खेलते देखा, जो इंडिया ओपन में हिस्सा ले रही थी। इसके बाद अनाहत भी बैडमिंटन में भविष्य बनाना चाहती थी और उन्होंने दिल्ली में कुछ युवा स्तर के टूर्नामेंट भी जीते। हालांकि, अपनी दीदी अमीरा के नक्शेकदम में चलते हुए उन्होंने आठ साल की उम्र से नियमित रूप से स्क्वैश खेलना शुरू कर दिया।

खिताब

2019 में ब्रिटिश ओपन में स्वर्ण जीतकर सबका ध्यान खींचा

कुछ ही समय में अनाहत अंडर-11 और अंडर-13 में नंबर एक खिलाड़ी बन गई। उन्होंने अंडर-11 स्तर पर 2019 में भारत के लिए पहली बार प्रतिष्ठित ब्रिटिश ओपन स्क्वैश टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस खिताब के बाद उन्होंने स्क्वाश जगत में अपनी उपस्थिति दर्ज कर ली। उसी वर्ष बाद में एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक जीता था। साल 2020 में उन्होंने ब्रिटिश और मलेशियाई जूनियर ओपन टूर्नामेंट में रजत पदक जीता।

उपलब्धि

US ओपन 2021 जूनियर चैंपियन बनी

अनाहत ने फिलाडेल्फिया में US ओपन 2021 जूनियर (अंडर -15) स्क्वैश खिताब जीता। वह किसी भी आयु वर्ग में US ओपन चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय महिला बनी थी। साल 2022 उनका अब तक का सबसे अच्छा सीजन रहा है। इस साल जून में थाईलैंड एशियाई जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप (अंडर-15) में स्वर्ण जीता। इसके बाद चेन्नई में हुए राष्ट्रीय शिविर में उन्होंने अपेक्षित रूप से प्रभावित किया और बर्मिंघम खेलों के लिए भारतीय स्क्वैश टीम में जगह बनाई।

राष्ट्रमंडल खेल 2022

महिला एकल और युगल में लेंगी हिस्सा

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में अनाहत महिला एकल में भाग लेंगी और युगल में सुनयना कुरुविला के साथ खेलेंगी। एक तरफ स्क्वाश में भारतीय दल की अगुवाई अनुभवी सौरव घोषाल और दीपिका पल्लीकल जैसी स्टार खिलाड़ी करेंगे तो दूसरी तरफ अनाहत पर भी सबका ध्यान रहेगा। वह इस राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सबसे युवा खिलाड़ी हैं। बता दें अनाहत ने विश्व जूनियर्स चैंपियनशिप 2022 के लिए भी क्वालीफाई किया है, जो 9 अगस्त से शुरू होना है।