LOADING...
सूर्यकुमार यादव के बाद कौन हो सकता है भारतीय टीम का नया टी-20 कप्तान?
श्रेयस अय्यर को बनाया जा सकता है भारत का नया टी-20 कप्तान (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

सूर्यकुमार यादव के बाद कौन हो सकता है भारतीय टीम का नया टी-20 कप्तान?

Jun 04, 2026
12:03 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम को अपनी कप्तानी में टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने के बाद से सूर्यकुमार यादव की फॉर्म बेहद खराब चल रही है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में भी उनका बल्ला खामोश रहा। ऐसे में अब उन्हें जल्द ही भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी से हटाया जा सकता है और उन्हें टीम में जगह मिलना भी मुश्किल है। ऐसे में आइए जानते हैं उनके बाद किस खिलाड़ी को टी-20 टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है।

रिपोर्ट

श्रेयस अय्यर को बनाया जा सकता है कप्तान

दैनिक जागरण समेत कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि श्रेयस अय्यर को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज के लिए भारत का नया टी-20 कप्तान बनाया जा सकता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर इस पद के लिए संजू सैमसन के पक्ष में थे, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और कुछ अन्य सदस्यों ने इस सिफारिश को खारिज कर दिया।

मजबूती

क्या है श्रेयस का मजबूत पक्ष?

श्रेयस ने तीन अलग-अलग टीमों को IPL फाइनल तक पहुंचाया है। उन्होंने पिछले 2 संस्करणों में पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन किया है। इस साल शानदार शुरुआत के बावजूद PBKS को प्लेऑफ तक न पहुंचा पाने के बावजूद वह शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में से एक रहे, जिन्होंने 14 मैचों में 168.81 के प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक भी लगाए।

Advertisement

असहमति

सैमसन पर क्यों रही असहमति?

गंभीर ने सैमसन को कप्तानी सौंपने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन अगरकर समेत कुछ सदस्य इससे सहमत नहीं थे। उनका मानना है कि सैमसन के प्रदर्शन में अपेक्षित निरंतरता नहीं रही है और कप्तानी जैसे महत्वपूर्ण पद के लिए स्थिर प्रदर्शन आवश्यक है। चयनकर्ताओं का एक वर्ग उन्हें दीर्घकालिक कप्तानी विकल्प के रूप में नहीं देखता। उनका मानना है कि कुछ अच्छी पारियों के आधार पर कप्तानी का फैसला लेना जल्दबाजी हो सकती है।

Advertisement

चर्चा

पाटीदार को लेकर नहीं हुई कोई चर्चा

कई रिपोर्ट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार 2 बार IPL का खिताब जिताने वाले कप्तान रजत पाटीदार को नया टी-20 कप्तान बनाने की बात कही गई थी, लेकिन बैठक में उनके नाम पर कोई चर्चा नहीं हुई। ऐसे में स्पष्ट हो गया कि चयनकर्ता अभी केवल श्रेयस पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। ऐसे में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज में श्रेयस को कप्तान घोषित किए जाने की पूरी संभावना है।

जानकारी

तिलक वर्मा बनाया जा सकता है उपकप्तान

श्रेयस की कप्तानी के साथ-साथ मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी तिलक वर्मा को भी भारत का नया टी-20 उपकप्तान बनाया जा सकता है। संभावना है कि वे इस भूमिका के लिए ऑलराउंडर अक्षर पटेल की जगह लेंगे।

प्रदर्शन

कैसा रहा है सूर्यकुमार का प्रदर्शन?

मार्च में भारत को तीसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब दिलाने के बावजूद सूर्यकुमार की बल्लेबाजी सवालों के घेरे में रही है। पिछले 2 वर्षों में उनका प्रदर्शन खराब रहा है, जिसमें IPL 2026 का निराशाजनक सीजन भी शामिल है, जहां उन्होंने 13 पारियों में मात्र 270 रन बनाए और उनकी औसत 20.76 की रही। उन्हें कप्तानी से हटाने और संभवतः टीम से बाहर करने का निर्णय काफी हद तक इन्हीं खराब प्रदर्शन की वजह से लिया गया है।

Advertisement