
किन बल्लेबाजों ने वनडे, टी-20 और टेस्ट क्रिकेट में खेली हैं सर्वाधिक गेंदे?
क्या है खबर?
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम पर दर्ज है।
ऐसे ही सबसे ज्यादा विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड मुथैया मुरलीधरन के नाम पर है।
ये क्रिकेट के बड़े रिकॉर्ड्स हैं, जिसमें सबकी नजरें रहती हैं। दूसरी तरफ कुछ ऐसे भी रिकॉर्ड्स हैं, जिनकी कम चर्चा होती है।
इसी क्रम में वनडे, टेस्ट और टी-20 प्रारूप में सबसे ज्यादा गेंदे खेलने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
वनडे
सचिन तेंदुलकर ने खेली हैं वनडे में सर्वाधिक गेंदे
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा गेंदे सचिन ने ही खेली हैं। मास्टर ब्लास्टर के नाम से मशहूर रहे इस महान बल्लेबाज ने 50 ओवर प्रारूप में 21,368 गेंदों का सामना किया।
वह 20,000 से ज्यादा गेंद खेलने वाले विश्व के इकलौते बल्लेबाज हैं। सचिन ने अपने 2 दशक से लम्बे करियर का अंत 18,426 रन के साथ किया था।
उनके बाद कुमार संगाकारा ने 18,048 और रिकी पोंटिंग ने 17,046 गेंदों का सामना किया था।
जानकारी
ग्लेन टर्नर ने किसी एक वनडे पारी में खेली हैं सर्वाधिक गेंदे
किसी एक वनडे पारी में सबसे ज्यादा गेंदों का सामना करने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के ग्लेन टर्नर के नाम पर है। उन्होंने 1975 में ईस्ट अफ्रीका के खिलाफ 201 गेंदों पर नाबाद 177 रन बनाए थे। तब वनडे मुकाबला 60 ओवर का होता था।
टेस्ट
टेस्ट प्रारूप में द्रविड़ ने किया है सर्वाधिक गेंदों का सामना
अपनी रक्षात्मक बल्लेबाजी के लिए विश्व विख्यात रहे राहुल द्रविड़ टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक गेंदे खेलने वाले बल्लेबाज हैं।
पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने अपने बेमिसाल टेस्ट करियर में 31,258 गेंदों का सामना किया था। उन्होंने अपने करियर में 52.31 की औसत के साथ 13,288 रन बनाए थे।
उनके अलावा किसी अन्य बल्लेबाज ने टेस्ट प्रारूप में 30,000 गेंदों का सामना नहीं किया है। उनके बाद इस सूची में तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 29,400 से ज्यादा गेंदे खेली हैं।
जानकारी
लियोनार्ड हटन ने खेली हैं एक टेस्ट पारी में सर्वाधिक गेंदे
किसी एक टेस्ट पारी में सर्वाधिक गेंदों को खेलने का रिकॉर्ड पूर्व इंग्लिश बल्लेबाज लियोनार्ड हटन के नाम पर है। उन्होंने 1938 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 847 गेंदों में 364 रन बनाए थे। उस मैच में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की थी।
टी-20
बाबर आजम ने खेली हैं टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक गेंदे
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा गेंदों का सामना पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने किया है। उन्होंने 123 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 3,211 गेंदे खेली हैं।
अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 41.03 की औसत और 129.08 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,145 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 शतक भी लगाए हैं।
उनके अलावा सिर्फ विराट कोहली और रोहित शर्मा ने ही इस प्रारूप में 3,000 से अधिक गेंदों का सामना किया है।
जानकारी
फिंच ने खेली हैं एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारी में सर्वाधिक गेंदे
किसी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में सबसे ज्यादा गेंदे आरोन फिंच ने खेली हैं। उन्होंने 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 76 गेंदों पर 172 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 16 चौके और 10 छक्के लगाए थे।