LOADING...
पश्चिम बंगाल सरकार का सौरव गांगुली को झटका, 'Z' श्रेणी की सुरक्षा को घटाकर 'Y' किया
पश्चिम बंगाल सरकार ने सौरव गांगुली की सुरक्षा में कटौती कर दी है (तस्वीर: फाइल)

पश्चिम बंगाल सरकार का सौरव गांगुली को झटका, 'Z' श्रेणी की सुरक्षा को घटाकर 'Y' किया

Jun 03, 2026
01:36 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली को बड़ा झटका दिया है। सरकार ने उनकी सुरक्षा में कटौती का आदेश जारी किया है। इसके तहत अब गांगुली को 'Z' की जगह 'Y' श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी। व्यापक सुरक्षा पुनर्मूल्यांकन और खतरे की आशंका के विश्लेषण के बाद राज्य के सुरक्षा विभाग ने यह निर्णय लिया है।

सुरक्षा

गांगुली को 2023 में मिली थी 'Z' श्रेणी की सुरक्षा

गांगुली की सुरक्षा को 2023 में 'Y' से बढ़ाकर 'Z' श्रेणी में अपग्रेड किया गया था। उसके बाद उनके काफिले में बुलेट प्रूफ वाहन और 22 सुरक्षा जवान शामिल किए गए थे। पहले उनके साथ 11 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के सशस्त्र कमांडो तैनात थे। हालांकि, व्यापक सुरक्षा पुनर्मूल्यांकन और खतरे की आशंका के विश्लेषण के बाद सरकार ने गांगुली की 'Z' श्रेणी की सुरक्षा को वापस लेने का निर्णय किया है।

सवाल

क्या है 'Y' श्रेणी की सुरक्षा?

'Y' श्रेणी में अब गांगुली की सुरक्षा में 11 सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे। इनमें दो निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) होंगे। 'Y' श्रेणी की सुरक्षा में कमांडो नहीं होते हैं और यह सुरक्षा राज्य पुलिस के जवानों द्वारा ही दी जाती है। इसमें कोई एस्कॉर्ट वाहन भी नहीं मिलता है। राज्य के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गांगुली की सुरक्षा में कटौती कोई अलग-थलग निर्णय नहीं है, बल्कि यह VIP सुरक्षा प्रोटोकॉल के राज्यव्यापी पुनर्गठन का हिस्सा है।

Advertisement

करियर

गांगुली के अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर

गांगुली ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में कुल 424 मैच खेले थे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट के 113 मैचों में 42.18 की औसत से 7,212 रन बनाए थे। उनके नाम 1 दोहरा शतक, 16 शतक और 35 अर्धशतक दर्ज हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 311 मैचों में 40.73 की औसत से 11,363 रन बनाए थे, जिसमें उनके 22 शतक और 72 अर्धशतक शामिल रहे। टेस्ट मैचों में उन्होंने 32 विकेट लिए थे और वनडे में उनके नाम 100 विकेट दर्ज हैं।

Advertisement