विराट कोहली के टेस्ट संन्यास के लिए अजित अगरकर थे जिम्मेदार? पूर्व क्रिकेटर का बड़ा खुलासा
क्या है खबर?
भारतीय दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने पिछले साल महज एक सप्ताह के भीतर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया था। रोहित ने IPL 2025 के दौरान अपने फैसले का ऐलान किया, जबकि कोहली ने कुछ दिन बाद टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा। कोहली के फैसले से सबसे ज्यादा हैरानी हुई क्योंकि इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट मैचों की सीरीज होनी थी। अब इस पूरे मामले पर पूर्व खिलाड़ी वसीम जाफर का बयान आया है।
संन्यास
जाफर ने कोहली के संन्यास को लेकर किया बड़ा दावा
कोहली संन्यास लेने से पहले रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के लिए भी खेले थे। अब जाफर ने कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को लेकर ऐसा बयान दिया है जो चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए दावा किया कि कोहली ने नाराजगी के चलते टेस्ट क्रिकेट छोड़ने का फैसला लिया।
उन्होंने अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति पर कोहली के साथ सही व्यवहार नहीं करने का आरोप भी लगाया।
बयान
जाफर ने क्या कहा?
जाफर ने कहा, "मुझे लगा कि कोहली के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उससे वह थोड़े नाराज थे। उनके साथ बहुत गलत हुआ। कोहली जैसे खिलाड़ी दर्शकों को मैदान तक खींचते हैं। उनकी फैन फॉलोइंग बहुत बड़ी है। वह निश्चित रूप से और टेस्ट क्रिकेट खेल सकते थे। जब तक कोहली खुद इस बारे में नहीं बताते तब तक हमें इसकी असली वजह पता नहीं चलेगी। वह इंग्लैंड दौरे की पूरी तैयारी कर रहे थे।"
इंग्लैंड
कोहली इंग्लैंड में खेलना चाहते थे- जाफर
जाफर ने इंग्लैंड दौरे के लिए कोहली की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस पूरे मामले को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था।
उन्होंने आगे कहा, "कोहली इंग्लैंड दौरे की तैयारी कर रहे थे और इसके लिए खुद को तैयार कर रहे थे। ऐसे में इन सभी चीजों को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था। जैसा कि मैंने कहा, कुछ खिलाड़ियों के मामले में चीजों को और दूसरे और बेहतर तरीके से देखा जा सकता था।"
रणजी
जनवरी में रणजी खेले और अप्रैल में हालात बदल गए
कोहली जनवरी 2025 में रणजी खेले थे और अप्रैल में हालात बदल गए।
कोहली कथित तौर पर निराश थे और बाद में उन्होंने चयनकर्ताओं को बता दिया कि वह इंग्लैंड दौरे का हिस्सा नहीं बनना चाहते। कोहली को अपना फैसला बदलने के लिए मनाने की कोशिश भी की गई।
उनके करीबी लोगों के अलावा BCCI के अधिकारियों ने भी उनसे दोबारा विचार करने को कहा, लेकिन इन कोशिशों का कोई नतीजा नहीं निकला और कोहली अपने फैसले पर कायम रहे।
रिकॉर्ड
कई रिकॉर्ड्स बना सकते थे कोहली
कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेते समय कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका छोड़ दिया।
वह 125 टेस्ट खेलने से सिर्फ 2 मैच दूर थे। ऐसा करने पर वह सुनील गावस्कर की बराबरी कर लेते।
कोहली को टेस्ट में 10,000 रन पूरे करने के लिए केवल 770 रन की जरूरत थी। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे भारतीय बन सकते थे।
इसके अलावा, 5 शतक लगाकर वह टेस्ट में 35 शतक भी पूरे कर सकते थे।