Page Loader
विराट कोहली ने रचा इतिहास, IPL में 7,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने 
विराट कोहली ने IPL में पूरे किए 7,000 रन (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

विराट कोहली ने रचा इतिहास, IPL में 7,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने 

May 06, 2023
08:45 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 50वें मैच में चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के विराट कोहली ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मैच के दौरान महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने अर्धशतकीय पारी (55) खेली और अपने IPL करियर में 7,000 रन पूरे कर लिए हैं। वह इस आंकड़े को छूने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने आज 12वां रन बनाते ही ये आंकड़ा छू लिया था। उनके IPL करियर पर नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही कोहली की अर्धशतकीय पारी 

पारी की शुरुआत करने आए कोहली ने संभलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने फाफ डु प्लेसिस के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी करके RCB को अच्छी शुरुआत दिलाई। जमकर बल्लेबाजी कर रहे कोहली ने 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके मौजूदा सीजन में छठा अर्धशतक है। उन्होंने 46 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 55 रन बनाए। वह मुकेश कुमार की गेंद पर आउट हुए थे।

IPL करियर 

बेमिसाल रहा है कोहली का IPL करियर 

कोहली ने अपने 232 मैचों में अपने 7,000 रन पूरे कर लिए हैं। वह इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। शिखर धवन (6,536), डेविड वार्नर (6,189) और रोहित शर्मा (6,063) ही अन्य ऐसे बल्लेबाज हैं, जो 6000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। कोहली के नाम 50 अर्द्धशतक और 5 शतक हैं। इस बीच 113 उनका उच्चतम स्कोर रहा है, जो 2016 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के खिलाफ उन्होंने बनाया था।

IPL 2023 

मौजूदा सीजन में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं कोहली 

कोहली इस सीजन में कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं। IPL 2023 में अब तक 10 मैचों में 46.55 की उम्दा औसत और 135.16 की स्ट्राइक रेट से 419 रन बना लिए हैं। वह कप्तान डु प्लेसिस के बाद इस सीजन में RCB से दूसरे सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने आज अपने IPL करियर का 50वां अर्धशतक लगा लिया है। वह इस लीग में ये आंकड़ा छूने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने हैं।

DC 

कोहली ने DC के खिलाफ पूरे किए अपने 1,000 रन 

कोहली ने अपनी आज की पारी के दौरान DC के खिलाफ 1,000 रन पूरे कर लिए हैं। वह इस टीम के खिलाफ ये आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले इस टीम के खिलाफ सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड रोहित (976) के नाम था। इसके साथ ही कोहली सिर्फ चौथे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने किसी एक फ्रेंचाइजी के खिलाफ 1,000 से अधिक रन बनाए हों।

जानकारी

इस सूची में शामिल हुए कोहली 

कोहली से पहले रोहित ने KKR के खिलाफ 1,040 रन बनाए हैं। शिखर धवन ने CSK के खिलाफ 1,029 रन बनाए हैं। डेविड वार्नर ने KKR और PBKS के खिलाफ क्रमशः 1,075 और 1,005 रन बनाए हुए हैं।