Page Loader
विजय हजारे ट्रॉफी 2023, दूसरा सेमीफाइनल: मनोज भंडागे ने खेली लिस्ट-A करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी
मनोज भंडागे ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@BCCIdomestic)

विजय हजारे ट्रॉफी 2023, दूसरा सेमीफाइनल: मनोज भंडागे ने खेली लिस्ट-A करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी

Dec 14, 2023
06:22 pm

क्या है खबर?

विजय हजारे ट्रॉफी 2023 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में गुरुवार को कर्नाटक क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मनोज भंडागे ने उम्दा बल्लेबाजी की। राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम C में राजस्थान क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने 161.54 की स्ट्राइक रेट से 39 गेंदों पर 63 रन जड़ दिए। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 5 शानदार छक्के भी लगाए। यह भंडागे के लिस्ट-A करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी है।

प्रदर्शन

लिस्ट-A में भंडागे का प्रदर्शन

भंडागे ने 12 नवंबर, 2022 को मेघालय क्रिकेट टीम के खिलाफ लिस्ट-A डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक खेले 14 लिस्ट-A मैच में 235 रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 13 पारियों में 9 विकेट भी झटके हैं। टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन की बात करें तो ऑलराउंडर खिलाड़ी ने हरियाणा क्रिकेट टीम के खिलाफ 8 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने मिजोरम के खिलाफ 21 रन बनाए और 2 विकेट लिए। साथ ही विदर्भ के खिलाफ भी उन्हें 2 सफलताएं मिलीं।

प्रदर्शन

कर्नाटक ने राजस्थान को दिया 283 रन का लक्ष्य

मुकाबले की बात करें तो कर्नाटक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 282 रन बनाए। भंडागे के अलावा अभिनव मनोहर ने भी अर्धशतक लगाया। उन्होंने 80 गेंदों पर 91 रन बनाए। उनके अलावा कृष्णन श्रीजीत ने 37, निकिन जोस ने 21 और कप्तान मयंक अग्रवाल ने 13 रन बनाए। राजस्थान की ओर से अनिकेत चौधरी, कुकना अजय सिंह ने 2-2 और खलील अहमद, अराफात खान, राहुल चाहर ने 1-1 विकेट चटकाया।