LOADING...
विजय हजारे ट्रॉफी 2023, दूसरा सेमीफाइनल: अभिनव मनोहर ने खेली लिस्ट-A करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी 
अभिनव मनोहर ने बनाए नाबाद 91 रन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

विजय हजारे ट्रॉफी 2023, दूसरा सेमीफाइनल: अभिनव मनोहर ने खेली लिस्ट-A करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी 

Dec 14, 2023
05:40 pm

क्या है खबर?

इस समय खेली जा रही विजय हजारे ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में कर्नाटक क्रिकेट टीम के अभिनव मनोहर ने राजस्थान क्रिकेट टीम के खिलाफ 91 रन की शानदार पारी खेली। यह उनके अब तक एक लिस्ट-A करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा, जिसकी बदौलत उनकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 282/8 का स्कोर बनाया। उनके अलावा मनोज भंडागे ने भी 63 रन का उपयोगी योगदान दिया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

शतक बनाने से चूक गए मनोहर

पहले बल्लेबाजी करते हुए जब कर्नाटक ने 87 रन पर अपना चौथा विकेट खोया, तब मनोहर क्रीज पर आए। उन्होंने अपनी टीम को संकट से उबारने का प्रयास किया और इस बीच 44 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने एक छोर संभालते हुए मजबूत नजर आ रही राजस्थान की गेंदबाजी का डटकर सामना किया। वह 80 गेंदों पर 91 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 3 छक्के भी लगाए।

आंकड़े

मनोहर के लिस्ट-A करियर पर एक नजर 

मनोहर ने 2021 में अपने लिस्ट-A क्रिकेट करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 7 मैचों में कुल 149 रन बनाए हैं। यह पहला मौका है, जब उन्होंने इस प्रारूप में 50 से अधिक रन की पारी खेली है। मौजूदा सीजन में इस मैच से पहले उन्होंने मिजोरम के खिलाफ 14 रन बनाए, जबकि हरियाणा के खिलाफ वह सिर्फ 3 रन ही बना सके थे। इसके अलावा विदर्श के विरुद्ध उनकी बल्लेबाजी नहीं आई थी।

Advertisement

भंडागे

भंडागे ने खेली ताबड़तोड़ पारी

कर्नाटक ने जब 176 रन पर अपना 5वां विकेट खोया था, तब भंडागे क्रीज पर आए। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को अच्छे स्कोर की ओर पहुंचाया। उन्होंने और मनोहर ने मिलकर छठे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। यह भंडागे के लिस्ट-A करियर का भी पहला अर्धशतक रहा। वह 39 गेंदों पर 63 रन की पारी खेलकर 49वें ओवर में आउट हुए। उन्होंने 3 चौके और 5 छक्के भी लगाए।

Advertisement

राजस्थान

ऐसी रही राजस्थान की गेंदबाजी 

राजस्थान की ओर से अजय सिंह और अनिकेत चौधरी सबसे सफल गेंदबाज रहे। इन दोनों खिलाड़ियों ने 4.3 की इकॉनमी रेट के साथ 43 रन देते हुए 2 विकेट लिए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने 1 विकेट हासिल किया। उन्होंने अपने 10 ओवर के कोटे में 77 रन दिए। लेग ब्रेक गेंदबाज राहुल चाहर ने 61 रन देते हुए 1 सफलता हासिल की। अराफात खान ने 53 रन देते हुए 1 विकेट चटकाया।

Advertisement