LOADING...
उत्तर प्रदेश: क्रिकेट लीग में मैच के दौरान मधुमक्खी के हमले में अंपायर की मौत
उत्तर प्रदेश में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खी के हमले में अंपायर माणिक गुप्ता की मौत हो गई

उत्तर प्रदेश: क्रिकेट लीग में मैच के दौरान मधुमक्खी के हमले में अंपायर की मौत

Feb 20, 2026
02:46 pm

क्या है खबर?

क्रिकेट के मैदान पर एक बड़ा हादसा घटित हुआ है। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक क्रिकेट लीग के तहत आयोजित एक मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड के हमला कर देने से अनुभवी क्रिकेट अंपायर माणिक गुप्ता (65) की मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह उन्नाव के सप्रू स्टेडियम में घटी। कानपुर क्रिकेट जगत में एक जाना-पहचाना चेहरा रहे गुप्ता लगभग 3 दशकों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) से जुड़े हुए थे।

घटना

कैसे घटी यह घटना? 

पुलिस के अनुसार, KDMA लीग में YMCC और पैरामाउंट के बीच चल रहे मैच में मधुमक्खियों के विशाल झुंड ने हमला किया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहला हमला सुबह करीब 7 बजे हुआ जब बच्चे अपने किट लेकर मैदान पर पहुंचने लगे। कुछ बच्चों को सुबह करीब 8 बजे फिर से मधुमक्खियों ने काट लिया, लेकिन 8:30 बजे तक स्थिति बेकाबू हो गई, जब मधुमक्खियों के पूरे झुंड ने मैदान पर मौजूद सभी लोगों पर हमला कर दिया।

हमला

मधुमक्खियों ने गुप्ता पर कैसे किया हमला? 

पुलिस के अनुसार, मैच खत्म होने के बाद अंपायर गुप्ता अपने साथी अंपायर से मिलने गए थी। उसी दौरान मधुमक्खियों का झुंड तेजी से उनकी ओर आ गया। भागने की कोशिश में संतुलन बिगड़ने से गुप्ता गिर पड़े। करीब 10 मिनट तक 50 से अधिक मधुमक्खियों ने उन पर हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गए। पुलिस ने बताया कि हमले में 50 लोग घायल हुए, जिनमें से 10 लोगों को कानपुर के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।

Advertisement

इनकार

गुप्ता का 2 अस्पतालों ने उपचार करने से किया इनकार

गुप्ता को पहले शुक्लागंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां से उन्हें हल्लेट अस्पताल रैफर कर दिया गया। परिवार के सदस्यों और KCA अधिकारियों का आरोप है कि 2 अन्य अस्पतालों ने उनकी गंभीर हालत के कारण उपचार करने से इनकार कर दिया। ऐसे में दूसरे अस्पताल ले जाते समय उनकी सांसें थम गई। वहां पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मधुमक्खी के हमले का सटीक कारण अभी तक अज्ञात है।

Advertisement