Loading...
उस्मान ख्वाजा ने MCC सदस्यों पर लगाया नस्लीय दुर्व्यवहार करने का आरोप, किया अहम खुलासा
उस्मान ख्वाजा ने MCC सदस्यों पर लगाया नस्लीय दुर्व्यवहार करने का आरोप

उस्मान ख्वाजा ने MCC सदस्यों पर लगाया नस्लीय दुर्व्यवहार करने का आरोप, किया अहम खुलासा

Nov 11, 2026
01:36 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आरोप लगाया है कि एशेज सीरीज 2023 के दौरान इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो को विवादित तरीके से आउट करने के बाद लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित लॉन्ग रूम में मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के एक सदस्य ने उनके साथ नस्लीय दुर्व्यवहार किया था। ख्वाजा ने ऑटोबायोग्राफी 'सब्र' में यह सनसनीखेज खुलासा किया है। ख्वाजा ने आरोप लगाया कि सदस्यों ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को बार-बार गालियां दी थी।

आरोप

ख्वाजा ने क्या लगाया आरोप?

ख्वाजा ने अपनी किताब में लिखा, 'लॉन्ग रूम में मौजूद वे लोग किसी भूखे कुत्तों के झुंड की तरह लग रहे थे। वे सब एक सुर में हमारे लिए बेहद गंदी और अभद्र गालियों का इस्तेमाल कर रहे थे। मुझे अपनी कानों पर यकीन नहीं हो रहा था। शुरुआत में तो मैं सदमे में हंस पड़ा। क्या यह वाकई दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित और नोबल क्रिकेट क्लब था? या फिर हम एजबेस्टन के सबसे हुड़दंगी स्टैंड में खड़े थे?'

टिप्पणी

ख्वाजा ने खुद पर की गई नस्लीय टिप्पणी का किया खुलासा

ख्वाजा ने आगे लिखा, 'हम आगे बढ़ रहे थे, तभी एक व्यक्ति मेरे कान के पास आकर जोर से चिल्लाया, हमारे बीच महज एक रस्सी और 20 सेंटीमीटर की दूरी थी। मैंने तुरंत रुककर उससे कहा, 'दोबारा मेरे कान में चिल्लाने की हिम्मत मत करना।'

उन्होंने लिखा, 'इसके बाद जैसे ही मैं आगे बढ़ा, मुझे किसी ने पीछे से कहा, 'शट अप, यू पी**आई।' यह सुनते ही मैंने अपना आपा खो दिया। मुझे बहुत ही ज्यादा गुस्सा आ गया था।'

ADVERTISEMENT

पहचान

आरोपी की पहचान और सख्त कार्रवाई

ख्वाजा ने स्पष्ट किया है कि वे भीड़ में उस सटीक व्यक्ति की पहचान नहीं कर पाए जिसने नस्लीय शब्द का इस्तेमाल किया था, लेकिन उन्होंने सामने चिल्ला रहे पहले व्यक्ति को ही सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया।

उन्होंने लिखा, 'वह शख्स मेरे चेहरे पर थूकते हुए चिल्ला रहा था, इसलिए मैंने मान लिया कि वही था। मैंने तुरंत सुरक्षाकर्मियों से कहा कि इस आदमी को यहां से बाहर निकालो! उसके बाद उसे वहां से निकाल दिया गया।'

ADVERTISEMENT

जांच

MCC ने जांच के बाद दी थी सख्त सजा

इस ऐतिहासिक घटना के बाद MCC ने अपनी आंतरिक जांच की थी। क्लब ने दुर्व्यवहार के दोषी पाए गए अपने 3 सदस्यों को निलंबित कर दिया था।

बाद में सख्त कार्रवाई करते हुए एक सदस्य को हमेशा के लिए क्लब से निष्कासित कर दिया गया, जबकि अन्य दो पर क्रमशः साढ़े 4 साल और ढाई साल का प्रतिबंध लगाया गया था।

इस पूरे विवाद के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने उस टेस्ट मैच को 43 रनों से जीतकर अपने नाम किया था।

ADVERTISEMENT