अंडर-19 विश्व कप: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सुपर-6 में बनाई जगह, जानिए आंकड़े
इस समय खेले जा रहे महिलाओं के अंडर-19 विश्व कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने अपने ग्रुप के आखिरी मैच में स्कॉटलैंड पर 83 रनों की शानदार जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही भारत ने सुपर-6 चरण में प्रवेश कर लिया है, जहां उनका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम और श्रीलंका से होना है। इस बीच भारतीय टीम के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
ऐसा रहा भारतीय टीम का प्रदर्शन
भारत ने मेजबान दक्षिण अफ्रीका पर पांच विकेट से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। भारतीय टीम ने 167 रनों का सफलतापूर्वक पीछा किया था। इसके बाद भारत ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 122 रन से हराया। भारत ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 149/4 का स्कोर बनाया और मैच को 83 रनों से खेल जीत लिया। अब भारत अगले मैच में 21 और 22 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका से भिड़ेगा।
श्वेता और शफाली ने बल्ले से किया कमाल
सलामी बल्लेबाज श्वेता सहरावत शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक तीन मैचों में 169.83 की स्ट्राइक से 197 रन बनाए हैं। सहरावत ने तीनों मैचों में नाबाद अर्धशतक लगाए हैं। भारतीय कप्तान शफाली वर्मा भी जबरदस्त प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने 233.96 की स्ट्राइक रेट से 124 रन बना लिए हैं। वह दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनी हुई हैं।
इन गेंदबाजों ने किया कमाल
बाएं हाथ के स्पिनर मन्नत कश्यप ने गेंद से कमाल कर दिया है। उन्होंने दो मैचों में 8.4 की औसत और 5.2 की इकॉनमी रेट से पांच विकेट लिए हैं। दाएं हाथ के ऑफब्रेक गेंदबाज अर्चना सिंह ने 4.60 की इकॉनमी रेट से तीन विकेट लिए हैं। सोनम यादव ने 16.00 की औसत से तीन विकेट अपने नाम किए हैं। अब तक सभी भारतीय गेंदबाजों ने किफायती गेंदबाजी की है।
खिताब की प्रबल दावेदार है भारतीय टीम
अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। भारत की कप्तानी, 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी शफाली वर्मा कर रही है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष 30 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेल चुकी है। विश्व कप के लिए भारतीय टीम: गोंगाडी तृषा, शफाली वर्मा (कप्तान), सोनिया मेंढिया, हर्षिता बसु (विकेटकीपर), ऋचा घोष, श्वेता सहरावत, तीता साधु, अर्चना देवी, मन्नत कश्यप, सोनम यादव, सोप्पाधंडी यशश्री, पारशवी चोपड़ा, शबनम एमडी, हर्ले गाला, सौम्या तिवारी और फलक नाज।