Page Loader
IPL में RCB के लिए एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज 
विराट कोहली ने RCB के लिए खूब रन बनाए हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL में RCB के लिए एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज 

May 08, 2025
06:34 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) हमेशा से ही अपनी दमदार बल्लेबाजी और बड़े स्कोर बनाने की क्षमता के लिए जानी जाती है। हर संस्करण इस टीम के कई खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते हैं, लेकिन कुछ ऐसे बल्लेबाज हैं जो लगातार इस टीम के लिए अच्छा करते हुए आए हैं। ऐसे में आइए इस फ्रेंचाइजी के लिए एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

विराट कोहली- 973 रन 

पहले स्थान पर विराट कोहली हैं। उन्होंने RCB के लिए IPL 2016 में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 973 रन बनाए थे, जो अब तक किसी भी एक संस्करण में बनाए गए सबसे ज्यादा रन भी हैं। कोहली ने 16 मैचों में 81.08 की औसत और 152.03 की स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए थे। उस सीजन उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक जड़े थे। उनका सर्वोच्च स्कोर 113 रन था। उनके बल्ले से 83 चौके और 38 छक्के निकले थे।

#2

विराट कोहली- 741 रन 

इस सूची में दूसरे स्थान पर भी कोहली ही हैं। उन्होंने IPL 2024 में कमाल की बल्लेबाजी की थी। 15 मैच की 15 पारियों में इस खिलाड़ी के बल्ले से 741 रन निकले थे। उनकी औसत 61.75 और स्ट्राइक रेट 154.69 की रही थी। उन्होंने पूरे संस्करण 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 113* रन था। उनके बल्ले से 62 चौके और 38 छक्के निकले थे।

#3

क्रिस गेल- 733 रन 

RCB के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने IPL 2012 में 733 रन बना दिए थे। 15 मैच की 14 पारियों में इस खिलाड़ी की और 61.08 और स्ट्राइक रेट 160.74 की रही थी। उनके बल्ले से 1 शतक और 7 अर्धशतक निकले थे। गेल का उस संस्करण में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 128* रन था। उनके बल्ले से 46 चौके और 59 छक्के निकले थे।

#4

फाफ डु प्लेसिस- 730 रन

RCB के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। IPL 2023 में यह खिलाड़ी गजब के फॉर्म में था। उन्होंने 14 मुकाबले खेले थे और इसकी 14 पारियों में 56.15 की औसत से 730 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 153.68 की रही थी। डु प्लेसिस के बल्ले से उस संस्करण 8 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन रहा था। उन्होंने 60 चौके और 36 छक्के जड़े थे।