Page Loader
साल 2023 में खेल के मैदान पर घटित हुए ये बड़े विवाद, आप भी जानिए 
एंजेलो मैथ्यूज का टाइम आउट इस साल काफी चर्चा में रहा (तस्वीर: एक्स/ @ICC)

साल 2023 में खेल के मैदान पर घटित हुए ये बड़े विवाद, आप भी जानिए 

Dec 31, 2023
01:48 pm

क्या है खबर?

किसी भी खेल में विवाद अहम हिस्सा होता है। क्रिकेट हो या फिर फुटबॉल, कबड्डी हो या फिर कुश्ती अगर खिलाड़ी आपस में भिड़ते हैं तो छोटा या बड़ा विवाद देखने को जरूर मिलता है। साल 2023 में भी सभी खेलों में कोई ना कोई विवाद देखने को जरूर मिले। कुछ ने तो पूरी दुनिया को चौंका कर रख दिया। आइए साल 2023 में हुए सभी बड़े विवाद पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

एंजेलो मैथ्यूज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 'टाइम आउट' होने वाले पहले खिलाड़ी बने 

वनडे विश्व कप 2023 में बांग्लादेश और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच मुकाबले में एंजेलो मैथ्यूज टाइम आउट हुए थे। वह वनडे में पहले ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्हें 'टाइम आउट' दिया गया। मैथ्यूज जब 25वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए तो उनका हेलमेट सही नहीं था। ऐसे में उन्होंने पवेलियन से दूसरा हेलमेट मंगवाया। उस दौरान शाकिब अल हसन ने उनके खिलाफ आउट की अपील कर दी थी। मैथ्यूज इस फैसले से काफी गुस्से में नजर आए थे।

#2

श्रीलंका ने पूरे क्रिकेट बोर्ड को कर दिया बर्खास्त

वनडे विश्व कप 2023 में खराब प्रदर्शन के बाद श्रीलंका के खेल मंत्री रोशन रणसिंघे ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) को ही बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद काफी विवाद हुआ था। बोर्ड को कोर्ट का सहारा लेना पड़ा था। कोर्ट ने रणसिंघे के फैसले को रद्द कर दिया था और निष्कासित अधिकारियों को बहाल कर दिया था। इसके बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने नाराज होकर श्रीलंका क्रिकेट की सदस्यता को ही तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।

#3

जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे भारतीय पहलवान 

ओलंपिक पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट समेत कई पहलवान इस साल धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। WFI के नए अध्यक्ष संजय सिंह चुने गए थे। इसके बाद खेल मंत्रालय ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को निलंबित कर दिया। इस मामले में पहलवान साक्षी ने संन्यास ले लिया था और कई पहलवानों ने अपने पुरस्कार वापस कर दिए थे।

#4

भारत बनाम ईरान कबड्डी मैच में हुआ विवाद 

भारत और ईरान के बीच एशियाई खेलों का कबड्डी मैच विवादों से भरा था। मुकाबला खत्म होने से 2 मिनट पहले रेफरी के फैसले पर विवाद हुआ और मैच करीब 1 घंटे रुका रहा था। पवन शेहरावत रेड के लिए गए और लॉब में चले गए थे। रेफरी ने उन्हें आउट करार दिया था। पवन के साथ विपक्षी टीम के 5 खिलाड़ी भी लॉबी में चले गए, लेकिन रेफरी ने 1 खिलाड़ी को ही आउट दिया। इसके बाद विवाद हुआ।