
IPL इतिहास में CSK के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले शीर्ष खिलाड़ियों पर एक नजर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) हमेशा से एक मजबूत बल्लेबाजी इकाई रही है, लेकिन कुछ गेंदबाज ऐसे भी रहे हैं जिन्होंने इस टीम के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया है।
जब कोई गेंदबाज CSK की मजबूत बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस करता है, तो वह खास बन जाता है। IPL 2025 में CSK का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है।
ऐसे में आइए इस टीम के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
सोहेल तनवीर (6/14)
इस सूची में पहले स्थान पर सोहेल तनवीर हैं, जिन्होंने IPL के इतिहास में CSK के खिलाफ सबसे बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन किया है।
IPL 2008 के 24वें मैच में उन्होंने CSK के खिलाफ 4 ओवर में 14 रन देकर 6 विकेट झटके थे। उनकी इकॉनमी रेट 3.50 की रही थी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK सिर्फ 109 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया था।
#2
हरभजन सिंह (5/18)
हरभजन सिंह इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेलते हुए IPL 2011 के 25वें मुकाबले में 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 5 विकेट लिए थे।
उनकी इकॉनमी रेट 4.50 की रही थी।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 164/4 का स्कोर बनाया था। जवाब में CSK की टीम 20 ओवर में 156/9 का ही स्कोर बना पाई थी। उसे 8 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
#3
जहीर खान (4/17)
तीसरे स्थान पर पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान हैं। उन्होंने IPL 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए CSK के खिलाफ 2 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट झटके थे। उनकी इकॉनमी रेट 8.50 की रही थी।
बारिश के कारण मुकाबला सिर्फ 8 ओवर का हुआ था। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 106/2 का स्कोर बनाया था। जवाब में CSK 82/6 का स्कोर ही बना पाई थी।
उसे 24 रन से हार मिली थी।
#4
ट्रेंट बोल्ट (4/18)
सूची में चौथे स्थान पर ट्रेंट बोल्ट हैं। उन्होंने IPL 2020 के 41वें मुकाबले में MI के लिए खेलते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके थे। उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 4.50 की रही थी और उन्होंने एक मेडन ओवर भी डाला था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK की टीम सिर्फ 114/9 का स्कोर ही बना पाई थी।
जवाब में MI ने बिना विकेट खोए 12.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया था।