टी-20 कप 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले 5 बल्लेबाज
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। यह भारत का लगातार दूसरा और कुल तीसरा खिताब साबित हुआ। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255/5 का स्कोर बनाया, जिसमें संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली। जवाब में कीवी टीम 159 रन पर सिमट गई। इस बीच 2026 संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
साहिबजादा फरहान
भले ही पाकिस्तानी टीम का इस टी-20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन हो, लेकिन उनके सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने बल्ले से कमाल किया था। फरहान ने टी-20 विश्व कप 2026 में 7 मैच खेले, जिसकी 6 पारियों में 76.60 की औसत और 160.25 की स्ट्राइक रेट के साथ 383 रन बनाए। उन्होंने 2 शतक भी अपने नाम किए। उन्होंने एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था।
#2
टिम साइफर्ट
टिम साइफर्ट ने फाइनल में 26 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वह इस संस्करण में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 8 पारियों में 46.57 की औसत और 166.32 की स्ट्राइक रेट के साथ 326 रन बनाए। इस बीच उनोने 4 अर्धशतक भी लगाए। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 34 चौके और 16 छक्के भी अपने नाम किए।
#3
संजू सैमसन
सैमसन ने फाइनल में 46 गेंदों में 89 रन की पारी खेली। उन्होंने इस विश्व कप में 80.25 की औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं। सैमसन टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है। कोहली ने 2014 के टी-20 विश्व कप में 319 रन बनाए थे।
#4
ईशान किशन
ईशान किशन ने फाइनल में उम्दा बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (54) लगाया। इस बीच उन्होंने सैमसन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इस संस्करण में उन्होंने 9 पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट के साथ 317 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 77 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक लगाए। विकेटकीपर बल्लेबाज ने 18 छक्के और 33 चौके भी लगाए।
#5
फिन एलन
न्यूजीलैंड के इस अभियान में फिन एलन की अहम भूमिका रही। इस सलामी बल्लेबाज ने कई अहम मुकाबलों में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने 8 पारियों में 49.66 की औसत और 200.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 298 रन बनाए। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए सेमीफाइनल मैच में सिर्फ 33 गेंदों में शतक पूरा किया था। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने थे।