LOADING...
टी-20 विश्व कप के पिछले संस्करणों में रोमांचित करने वाले 10 सबसे यादगार पल
भारतीय क्रिकेट टीम ने जीता था टी-20 विश्व कप 2024 का खिताब

टी-20 विश्व कप के पिछले संस्करणों में रोमांचित करने वाले 10 सबसे यादगार पल

Jan 30, 2026
06:57 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है। अब तक आयोजित हुए इस टूर्नामेंट के 10 संस्करणों में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। युवराज सिंह के एक ओवर में 6 छक्कों से लेकर 2016 के फाइनल में कार्लोस ब्रेथवेट के जादू तक, इस प्रतियोगिता ने क्रिकेट के कुछ रोमांचक मुकाबलों को जन्म दिया है। ऐसे में आइए इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के पिछले संस्करणों के 10 सबसे यादगार पलों पर एक नजर डालते हैं।

#1

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला शतक

साल 2007 में हुए पहले टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बल्लेबाज क्रिस गेल ने इस प्रारूप का पहला शतक बनाया था। उन्होंने मेजबान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 57 गेंदों में 10 छक्के और 7 चौकों की मदद से 117 रन बनाए था। हालांकि, उनकी टीम 205 रनों के लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकी। प्रोटियाज बल्लेबाज हर्शल गिब्स (90) और जस्टिन केम्प (46) रन की तेज पारी खेलकर मेजबान टीम को जीत दिला दी।

#2

युवराज द्वारा एक ओवर में लगाए गए 6 छक्के

टी-20 विश्व कप 2007 में एक और यादगार पल भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह द्वारा इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 6 छक्के जड़ने पर आया था। इंग्लिश कप्तान एंड्रयू फ्लिंटॉफ से तीखी बहस के बाद युवराज ने 19वें ओवर में कहर बरपा दिया। उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में इस प्रारूप का सबसे तेज अर्धशतक पूरा किया। युवराज ने 16 गेंदों में 58 रन बनाए। भारत ने 218/4 का स्कोर खड़ा किया और 18 रन से जीत दर्ज की।

Advertisement

#3

बॉल-आउट का नाटकीय दृश्य

भारत का 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ पहला टी-20 विश्व कप मैच इतिहास का गवाह बना। डरबन में खेले गए इस मैच में भारत ने 141/9 का स्कोर बनाया और फिर पाकिस्तान को 141/7 पर ही रोक दिया। मैच का फैसला ऐतिहासिक बाॅल-आउट से हुआ। भारतीय टीम ने 3-0 से जीत हासिल की क्योंकि पाकिस्तान का कोई भी गेंदबाज स्टंप्स पर गेंद नहीं मार सका। भारत से वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह और रॉबिन उथप्पा ने सफलतापूर्वक स्टंप्स पर गेंद मारी।

Advertisement

#4

मिस्बाह का स्कूप शॉट और जोगिंदर का आखिरी ओवर

पहले टी-20 विश्व कप के फाइनल मैच में भारत ने जोहान्सबर्ग में खेले गए रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हराया। मिस्बाह-उल-हक की आखिरी ओवरों में शानदार बल्लेबाजी ने मैच को निर्णायक मोड़ पर ला दिया। आखिरी ओवर में 13 रनों की जरूरत थी। महेंद्र सिंह धोनी ने जोगिंदर शर्मा को गेंदबाजी सौंपी। छक्का खाने के बावजूद मिस्बाह के स्कूप शॉट को श्रीसंत ने शॉर्ट फाइन-लेग पर कैच कर लिया और भारत ने 5 रनों से जीत हासिल की।

#5

जब नीदरलैंड्स ने इंग्लैंड को हराकर चौंकाया

टी-20 विश्व कप 2009 में नीदरलैंड्स ने लॉर्ड्स में मेजबान इंग्लैंड को हराकर सनसनी मचा दी थी। कई क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह एक बड़ा झटका था क्योंकि डच टीम ने 163 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया था। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रन बनाए। जवाब में टॉम डी ग्रूथ (49), रयान टेन डोएशेट (22) और पीटर बोरन (30) की छोटी पारियों की बदौलत नीदरलैंड्स ने आखिरी गेंद पर 2 रन बनाकर जीत दर्ज की।

#6

जब माइकल हसी ने पाकिस्तान के जबड़े से छीनी जीत

टी-20 विश्व कप 2010 के सेमीफाइन में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज माइकल हसी ने पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीनकर सभी को चौंका दिया था। उन्होंने 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में 60* रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। कंगारू टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 18 रनों की जरूरत थी। उस दौरान हसी ने सईद अजमल की गेंदों पर 3 छक्के और एक चौका लगाकर एक गेंद शेष रहते जीत दिलाई थी।

#7

धोनी ने दिखाया उसेन बोल्ट का रूप

बेंगलुरु में बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2016 के 'करो या मरो' के मुकाबले में भारत की स्थिति बेहद नाजुक लग रही थी। बांग्लादेश को आखिरी 3 गेंदों में दो रन चाहिए थे। हार्दिक पांड्या ने महमदुल्लाह और मुशफिकुर रहीम को लगातार गेंदों पर आउट कर दिया। आखिरी गेंद पर कप्तान और विकेटकीपर धोनी ने बिजली की गति से दौड़कर स्ट्राइकर छोर पर मुस्तफिजुर रहमान को रन आउट कर बांग्लादेश के बल्लेबाजों को बाई रन लेने से रोक दिया।

#8

कार्लोस ब्रेथवेट ने इंग्लैंड के हाथों से छीना खिताब

टी-20 विश्व कप 2016 के फाइनल में वेस्टइंडीज को इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी ओवर में जीत के लिए 19 रनों की जरूरत थी। अर्धशतक लगा चुके मार्लन सैमुअल्स नॉन-स्ट्राइक पर खड़े थे। उस समय इंग्लिश टीम जीत की प्रबल दावेदार लग रही थी। उसके बाद कार्लोस ब्रेथवेट ने बेन स्टोक्स की पहली 4 गेंदों पर छक्के जड़कर वेस्टइंडीज को दूसरी बार चैंपियन बना दिया। उस समय इयान बिशप ने कमेंट्री करते हुए कहा था, "कार्लोस ब्रेथवेट! यह नाम याद रखना!"

#9

जब नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को चटाई धूल

टी-20 विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक में दक्षिण अफ्रीका को 2022 में नीदरलैंड्स से 13 रनों से हार झेलनी पड़ी थी। एडिलेड में खेले गए मैच में प्रोटियाज टीम 159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही और सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। ब्रैंडन ग्लोवर ने 3/9 के शानदार प्रदर्शन के साथ डच टीम के लिए बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को 145/8 के स्कोर पर ही रोक दिया।

#10

जब सूर्यकुमार यादव ने पकड़ा मिलर का असंभव कैच

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2024 के फाइनल में सूर्यकुमार यादव द्वारा पकड़ा गया कैच भारत की जीत में निर्णायक साबित हुआ। अंतिम ओवर में 16 रन चाहिए थे। हार्दिक पांड्या की पहली ही गेंद पर डेविड मिलर द्वारा खेले गए शॉर्ट को सूर्यकुमार ने फुर्ती दिखाते हुए सीमा रेखा के पास बेहतरीन तरीके से गेंद को हवा में उछालते हुए पकड़ लिया। इस कैच से मिलर आउट हो गए और दक्षिण अफ्रीका खिताब जीतने से चूक गया।

Advertisement