टिम साइफर्ट ने पूरे किए अपने 8,000 टी-20 रन, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज टिम साइफर्ट ने द हंड्रेड लीग के दौरान उपलब्धि हासिल की। दरअसल, उन्होंने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए सदर्न ब्रेव के खिलाफ अर्धशतक (55) लगाया और इस बीच टी-20 क्रिकेट में अपने 8,000 रन पूरे किए। साइफर्ट की पारी की मदद से उनकी टीम को 10 रन से जीत मिली। आइए उनकी पारी और टी-20 क्रिकेट के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही साइफर्ट की पारी
साइफर्ट ने 34 गेंदों में 55 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए।
पॉल वाल्टर (64 रन) के साथ मिलकर सीफर्ट ने पहले विकेट के लिए 119 रन जोड़े और अपनी टीम अच्छी शुरुआत दिलाई।
सुपर जायंट्स ने पहले खेलते हुए 149/8 का स्कोर बनाया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए ब्रेव की टीम 100 गेंदों के बाद 139/6 का स्कोर ही बना सकी।
प्रदर्शन
अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं साइफर्ट
साइफर्ट ने द हंड्रेड के इस सीजन में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया है।
इस सीजन में उन्होंने अब तक 7 पारियों में 40.33 की उम्दा औसत और 157.14 की स्ट्राइक रेट के साथ 242 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 अर्धशतक लगाए हैं।
साइफर्ट अपनी टीम मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से इस सीजन में फिलहाल दूसरे सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ जोस बटलर (278) हैं।
आंकड़े
साइफर्ट ने पूरे किए अपने 8,000 टी-20 रन
क्रिकइंफो के अनुसार, साइफर्ट ने अपने तीसरे रन के साथ ही 8,000 रन का आंकड़ा छू लिया।
उन्होंने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में अपने 336वें मैच की 311 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की।
उनके नाम अब 29.38 की औसत और 137.94 की स्ट्राइक रेट से 8,052 रन हैं।
इस कीवी बल्लेबाज ने टी-20 क्रिकेट में 6 शतक और 43 अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें 125* रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
करियर
ऐसा है साइफर्ट का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
साइफर्ट ने साल 2018 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 90 मैच खेल चुके हैं और इसकी 84 पारियों में ही 31.21 की औसत और 146.37 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,279 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने 17 अर्धशतकों अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 97* रन का है, उन्होंने यह पारी पाकिस्तान के खिलाफ खेली थी।