LOADING...
IPL 2025 में बने ये दिलचस्प रिकॉर्ड्स, जो शायद कम लोग ही जानते होंगे
RCB ने जीता खिताब (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 में बने ये दिलचस्प रिकॉर्ड्स, जो शायद कम लोग ही जानते होंगे

Jun 06, 2025
10:17 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने नाम किया। फाइनल में RCB ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रन से हराया। हर बार की तरह इस बार भी कई पुराने रिकॉर्ड्स टूटे और खिलाड़ियों ने नए कीर्तिमान स्थापित किए। इस बार कई मैच हाई स्कोरिंग हुए और यही परिणाम रहा कि इस संस्करण में कुल 25,000 से ज्यादा रन बने। इस बीच सीजन में बने दिलचस्प रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।

रिकॉर्ड 

इस संस्करण में बने रिकॉर्ड रन 

इस संस्करण में रिकॉर्ड 26,381 रन बने। यह अब तक सभी संस्करणों में सबसे ज्यादा हैं। क्रिकइंफो के अनुसार, IPL 2025 में 2,245 चौके लगाए गए, जो किसी भी संस्करण में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले IPL 2023 और 2024 में 2,174 चौके लगाए गए थे। इसके साथ-साथ 2025 के संस्करण में कुल 1,294 छक्के लगे, जो किसी भी संस्करण में सर्वाधिक हैं। ऐसे में चौके और छक्कों के लिहाज से भी ये संस्करण अव्वल रहा है।

कोहली 

कोहली ने हासिल की ये उपलब्धि 

IPL 2025 के फाइनल में विराट कोहली ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए। इस पारी के साथ उन्होंने IPL में शिखर धवन के 768 चौकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। कोहली अब 771 चौकों के साथ इस सूची में सबसे आगे हैं। इससे पहले उन्होंने डेविड वार्नर (61) के सर्वाधिक 50+ स्कोर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था। कोहली ने 5वें संस्करण में 600+ रन बनाए। उन्होंने केएल राहुल (4) को पीछे छोड़ा।

RCB 

RCB ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

RCB ने IPL के एक संस्करण में अपने सभी लीग मैच जीतने वाली पहली टीम बनकर इतिहास रच दिया। उन्होंने चेपॉक में जीत के लिए 17 साल के लंबे इंतजार को भी खत्म किया। उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में 10 साल बाद अपनी पहली IPL जीत भी दर्ज की। RCB से इस संस्करण में 9 अलग-अलग खिलाड़ियों को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला, जो IPL 2017 में मुंबई इंडियंस के 10 के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है।

सूर्यकुमार 

सूर्यकुमार ने ये कीर्तिमान स्थापित किए 

MI के सूर्यकुमार यादव को इस सीजन का 'मोस्ट वैल्युबल प्लेयर' चुना गया। उन्होंने 16 मैचों में 65.18 की औसत और 167.91 की स्ट्राइक रेट से 717 रन बनाए, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल हैं। सूर्यकुमार IPL सीजन में MI के लिए 700 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने टी-20 टूर्नामेंट में गैर सलामी बल्लेबाज के तौर पर सर्वाधिक रन भी बनाए। सूर्यकुमार ने सभी 16 पारियों में 25+ रन बनाए, जो की टी-20 क्रिकेट में विश्व रिकॉर्ड है।

CSK 

CSK ने बनाए ये अनचाहे रिकॉर्ड 

दूसरी ओर, CSK IPL इतिहास में पहली बार सबसे निचले पायदान पर रही। इससे पहले उनका सबसे खराब प्रदर्शन IPL 2020 में 7वें और 2022 में 9वें स्थान पर रहा था। 5 बार की चैंपियन टीम को चेपॉक में 5 घरेलू हार का सामना करना पड़ा, जो इस सीजन में इस मैदान पर उनकी सबसे खराब वापसी थी। वे 15 साल बाद DC से और पहली बार SRH से भी हारे, ये सभी मैच उन्होंने अपने घरेलू मैदान पर खेले।