LOADING...
टी-20 अंतरराष्ट्रीय: इन भारतीय बल्लेबाजों ने 3 या उससे अधिक मैचों में छक्का लगाकर दिलाई जीत 
छक्का लगाते हुए 5 जीत दिला चुके हैं हार्दिक पांड्या (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टी-20 अंतरराष्ट्रीय: इन भारतीय बल्लेबाजों ने 3 या उससे अधिक मैचों में छक्का लगाकर दिलाई जीत 

Sep 16, 2025
06:05 pm

क्या है खबर?

टी-20 क्रिकेट में जब कोई बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी पारी खेलता है और छक्का लगाकर मैच समाप्त करता है, तो यह जीत उल्लेखनीय बन जाती है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के मुकाबले को भी छक्का लगाकर अपने पक्ष में किया। उन्होंने दूसरी बार छक्का लगाकर के ऐसी जीत दिलाई। अब तक चुनिंदा भारतीय बल्लेबाजों ने 3 या अधिक मैचों में छक्का लगाकर जीत दिलाई है, उनके बारे में जानते हैं।

#1 

हार्दिक पांड्या (5 बार)

हार्दिक पांड्या इस सूची में शीर्ष पर हैं। उन्होंने 5 मैचों में छक्का लगाते हुए भारत को जीत दिलाई थी। भारतीय ऑलराउंडर ने इंग्लैंड, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ ऐसा किया था। एशिया कप 2022 में उन्होंने पाकिस्तान के विरुद्ध मैच में मोहम्मद नवाज की गेंद पर छक्का लगाते हुए मैच अपने पक्ष में किया था। उस मैच में पांड्या ने 17 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए और भारत ने 19.4 ओवर में मैच जीता था।

#2 

विराट कोहली (4 बार)

विराट कोहली ने 4 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में छक्का लगाते हुए भारत को जीत दिलाई थी। उन्होंने 2018 में मोईन अली की गेंद पर छक्का लगाया था और इंग्लैंड को शिकस्त दी थी। इनके अलावा उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज, 2020 में श्रीलंका और 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ ऐसा कारनामा किया था। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत 125 मुकाबलों की 117 पारियों में 48.69 की औसत और 137.04 की स्ट्राइक रेट से 4,188 रन बनाकर किया था।

#3

महेंद्र सिंह धोनी (3 बार)

भारतीय टीम के सबसे सफल मैच फिनिशर में शुमार रहे महेंद्र सिंह धोनी ने 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में छक्का लगाते हुए जीत दिलाई थी। उन्होंने 2007 में ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट ली की गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई थी। इसके अलावा पूर्व भारतीय कप्तान ने 2014 में बांग्लादेश के जियाउर रहमान के खिलाफ और 2016 में बांग्लादेश के ही अल-अमीन हुसैन के विरुद्ध छक्का लगाकर मैच जिताया था।

#4 

ऋषभ पंत (3 बार)

ऋषभ पंत भी इस सूची का हिस्सा हैं। उन्होंने 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में छक्का लगाते हुए जीत दिलाई थी। उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के कार्लोस ब्रैथवेट के खिलाफ छक्का लगाते हुए मैच समाप्त किया था। इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ने 2021 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के जेम्स नीशम के खिलाफ और 2024 में आयरलैंड क्रिकेट टीम के बैरी मैकार्थी के विरुद्ध छक्का लगाकर मैच जिताया था।