महिला टी-20 विश्व कप 2026 में इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन
क्या है खबर?
महिलाओं के टी-20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने 7 विकेट से जीता। सोफी मोलिन्यू की कप्तानी वाली कंगारू टीम ने खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम को हराया। यह ऑस्ट्रेलिया का कुल 7वां खिताब साबित हुआ। दूसरी तरफ इंग्लिश टीम दूसरी बार चैंपियन बनने से चूक गई। इस बीच 2026 संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
डैनी वायट-हॉज (302 रन)
वायट-हॉज ने इस संस्करण में 7 पारियों में 60.40 की औसत और 149.50 की स्ट्राइक रेट के साथ 302 रन बनाए। उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए। टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में वायट-हॉज के बाद दूसरे सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड मेग लैनिंग के नाम पर दर्ज है। बता दें कि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने 2020 में 6 पारियों में 64.75 की औसत और 125.12 की स्ट्राइक रेट से 259 रन बनाए थे।
#2
बेथ मूनी (238 रन)
फाइनल मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए बेथ मूनी ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 31वां अर्धशतक 38 गेंदों में पूरा किया। वह 49 गेंदों में 64 रन बनाकर आउट हुई। इस संस्करण में मूनी ने 7 पारियों में 47.60 की औसत और 142.51 की स्ट्राइक रेट के साथ 238 रन बनाए। इस बीच उनके बल्ले से 74* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतकीय पारी भी निकली।
#3
नेट साइवर-ब्रंट (227 रन)
नेट साइवर-ब्रंट ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 58 रन बनाए। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक साबित हुआ। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 47 गेंदों का सामना करते हुए 75 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड की कप्तान ने इस संस्करण में सिर्फ 4 पारियों में 113.50 की औसत और 142.76 की स्ट्राइक रेट के साथ 227 रन बनाए थे। वह के विश्व कप संस्करण के सेमीफाइनल और फाइनल दोनों ने अर्धशतक लगाने वाली पहली इंग्लिश खिलाड़ी बनी।
#4
ताजमिन ब्रिट्स (225 रन)
दक्षिण अफ्रीका की ताजमिन ब्रिट्स ने इस सीजन में कमाल किया। 35 वर्षीय इस अनुभवी बल्लेबाज ने सिर्फ 4 पारियों में 75.00 की औसत और 129.31 की स्ट्राइक रेट के साथ 225 रन बनाए। दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 1 शतक और 1 अर्धशतक भी लगाया। उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ 69 गेंदों में नाबाद 114 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीका ने इस सीजन में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
#5
डार्सी कार्टर (208 रन)
स्कॉटलैंड की युवा ऑलराउंडर डार्सी कार्टर ने इस सीजन में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दाएं हाथ की 21 वर्षीय बल्लेबाज ने 5 पारियों में 52.00 की औसत और 111.82 की स्ट्राइक रेट के साथ 208 रन बनाए। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए, जिसमें 72* रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। वह 1 पारी में नाबाद भी रही। स्कॉटलैंड ने इस सीजन में 1 मैच जीता और 4 में शिकस्त का सामना किया।