LOADING...
महिला टी-20 विश्व कप 2026: नैट साइवर-ब्रंट ने फाइनल में लगाया अर्धशतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स
नैट साइवर-ब्रंट ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@ICC)

महिला टी-20 विश्व कप 2026: नैट साइवर-ब्रंट ने फाइनल में लगाया अर्धशतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स

Jul 05, 2026
10:11 pm

क्या है खबर?

महिलाओं के टी-20 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की नैट साइवर-ब्रंट ने ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ अर्धशतक (58*) लगाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 20वां अर्धशतक रहा। उनकी इस पारी की मदद से इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 150/4 का स्कोर बनाया। उन्होंने फ्रेया केम्प (44*) के साथ मिलकर 80 रन की साझेदारी भी की। आइए उनकी बल्लेबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

शानदार रही साइवर-ब्रंट की पारी 

इंग्लैंड ने 7 रन के स्कोर पर जब अपना पहला विकेट खोया, तब साइवर-ब्रंट क्रीज पर आई। उन्होंने एक छोर से टिककर बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह अंत तक डटी रही और उन्होंने 53 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 58 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 5 चौके लगाए। यह टी-20 विश्व कप 2026 में उनका दूसरा ही अर्धशतक साबित हुआ।

रिकॉर्ड 

सेमीफाइनल और फाइनल में अर्धशतक जड़ने वाली चौथी बल्लेबाज 

साइवर-ब्रंट अब सेमीफाइनल और फाइनल में अर्धशतक लगाने वाली इंग्लैंड की पहली और विश्व की कुल चौथी बल्लेबाज बनी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 47 गेंदों का सामना करते हुए 75 रन की पारी खेली थी। साइवर-ब्रंट से पहले टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल और फाइनल में अर्धशतक ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग (2016), बेथ मूनी (2023), और दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट (2023) ने लगाए थे।

Advertisement

आंकड़े 

टी-20 विश्व कप में लगाया अपना 9वां अर्धशतक 

साइवर-ब्रंट ने टी-20 विश्व कप में अपना पहला मुकाबला 2014 में खेला था। वह अब तक 33 मैचों की 31 पारियों में 10 बार नाबाद रहते हुए 45.95 की औसत और 122.15 की स्ट्राइक रेट से 965 रन बना चुकी हैं। उनके बल्ले से 9 अर्धशतक निकले हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 81 रन रहा है। वह टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं।

Advertisement

रिकॉर्ड्स 

साइवर-ब्रंट ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स

साइवर-ब्रंट अब टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक 50+ रन के स्कोर बनाने वाली खिलाड़ी बनी। उन्होंने सूजी बेट्स और बेथ मूनी को पीछे छोड़ा। इन दोनों ने 8-8 स्कोर 50+ रन के बनाए थे। यह महिलाओं के टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों में ब्रंट का तीसरा 50 से ज्यादा का स्कोर है। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ बेथ मूनी हैं, जिन्होंने नॉकआउट में 4 पारियों में 50+ रन बनाए हैं।

Advertisement