Page Loader
IPL 2024: लोकसभा चुनाव के चलते UAE में खेला जा सकता है दूसरा भाग- रिपोर्ट
पहले भी UAE में खेली जा चुकी है लीग (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: लोकसभा चुनाव के चलते UAE में खेला जा सकता है दूसरा भाग- रिपोर्ट

Mar 16, 2024
09:45 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 की शुरुआत 22 मार्च से होगी। इस बार लीग 2 भागों में खेली जाने वाली है, जिसका पहला भाग 7 अप्रैल तक खेला जाएगा। इस बीच खबर ये है कि IPL 2024 का दूसरा भाग संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेला जा सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि देश में होने वाले लोकसभा चुनाव के चलते भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को ये फैसला करना पड़ सकता है।

बयान

चुनाव कार्यक्रम पर निर्भर होगा BCCI का फैसला

एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, "भारत का चुनाव आयोग शनिवार को दोपहर 3 बजे चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा। उसके बाद बोर्ड तय करेगा कि IPL मैचों को दुबई में स्थानांतरित किया जाना चाहिए या नहीं। वर्तमान में BCCI के कुछ शीर्ष अधिकारी आयोजन की संभावना तलाशने के लिए दुबई में हैं।" इस बीच ऐसी भी खबरें हैं कि कुछ टीमों ने अपने-अपने खिलाड़ियों से पासपोर्ट भी मांगे हैं।

पूर्व घटना

पहले भी चुनाव के चलते प्रभावित हुआ है IPL का कार्यक्रम 

इससे पहले भी बोर्ड को इसी तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। IPL के दौरान साल 2009, 2014 और 2019 में आम चुनाव हुए थे। टूर्नामेंट को दूसरे संस्करण के लिए पूरी तरह से दक्षिण अफ्रीका में स्थानांतरित कर दिया गया था। 7वें संस्करण के पहले भाग की मेजबानी भारत में की गई थी और शेष मैच UAE में आयोजित किए गए थे। चुनावों के बीच IPL 2019 भारत में ही खेला गया था।

2020 

कोरोना के चलते UAE में खेला गया था IPL 2020 

आखिरी बार भारत से बाहर लीग का आयोजन 2020 में किया गया था। IPL 2020 को कोरोना वायरस संक्रमण के बीच UAE में आयोजित किया गया था। उस सीजन में रोहित शर्मा के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस (MI) ने खिताब पर कब्जा जमाया था। फाइनल मुकाबले में MI को दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 5 विकेट से शिकस्त दी थी। ये खिताबी मुकाबला 10 नवंबर को दुबई के मैदान में खेला गया था।

IPL 2024

IPL 2024 के पहले भाग में होंगे 21 मैच

पहला मुकाबला 22 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला जाएगा। पहले चरण के अंतर्गत 21 मैच खेले जाने हैं। 7 अप्रैल को गुजरात टाइटंस (GT) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) वाले मुकाबले के साथ पहले चरण का समापन हो जाएगा। गत विजेता CSK अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। हर बार की तरह इस बार भी कई बड़े नाम लीग में शिरकत करते हुए नजर आएंगे।